पंचकूला,17/11/2026
हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी के काफिले में शामिल एक गाड़ी मंगलवार को पंचकूला के मोरनी इलाके में हादसे का शिकार हो गई। गांव कुंभवाला के पास दमकल विभाग की गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी में सवार दो फायर ऑपरेटर घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मोरनी स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में माटी वंदन अभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्राकृतिक एवं जैविक खेती किसान मेले में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब उनका काफिला वापस लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
रस्सी के सहारे खाई से बाहर निकला घायल
हादसे के समय दमकल विभाग की गाड़ी में दो फायर ऑपरेटर मौजूद थे। दोनों की पहचान लेखराज और मोहित के रूप में हुई है। हादसे के बाद एक घायल ऑपरेटर ने रस्सी की मदद से खाई से सड़क तक पहुंचने की कोशिश की, जबकि दूसरे को काफिले में शामिल कर्मचारियों ने बाहर निकाला।
दोनों घायलों को तुरंत पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, लेखराज की हालत गंभीर बताई गई, जबकि मोहित खतरे से बाहर है।
डीसी ने अस्पताल पहुंचकर लिया इलाज का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों की स्थिति और इलाज के बारे में जानकारी ली। लेखराज का सीटी स्कैन होने तक उपायुक्त करीब दो घंटे अस्पताल में मौजूद रहे।
उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि दोनों घायलों को उपचार में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी भी पहुंचे
हादसे की सूचना मिलने के बाद डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह और फायर विभाग के एडीएफओ सज्जन कुमार भी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने डॉक्टरों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली। पुलिसकर्मियों को भी अस्पताल में आवश्यक व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
फिलहाल हादसे में घायल दोनों फायर ऑपरेटरों का पंचकूला के जिला अस्पताल में इलाज किया गया।
