चंडीगढ़, 17/11/ 2026
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ अपने कार्यालय में बैठक की। इस दौरान कर्मचारियों की लंबित मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। हरपाल सिंह चीमा कर्मचारियों के मुद्दों के समाधान के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के चेयरमैन भी हैं।
बैठक के दौरान कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने मंत्री के सामने अपनी प्रमुख समस्याएं और मांगें रखीं। सभी प्रतिनिधियों की बात ध्यानपूर्वक सुनने के बाद हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार अपने कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।
मंत्री ने बैठक में मौजूद संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों पर तेजी से कार्रवाई करने और एक सप्ताह के भीतर स्थिति रिपोर्ट सौंपने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में आउटसोर्स कर्मचारी फेडरेशन पंजाब (पीएसपीसीएल) के अध्यक्ष कुलजीत सिंह लोहका, ऑल डिप्लोमा डिग्री अप्रेंटिसशिप एसोसिएशन के अध्यक्ष गुरदीप सिंह, पावरकॉम मीटर रीडर यूनियन (आजाद) के अध्यक्ष गुरविंदर सिंह, आउटसोर्स सेहत विभाग मुलाजिम यूनियन पंजाब के अध्यक्ष गुरजिंदर सिंह, आशा वर्कर्स एंड फैसिलिटेटर्स नरोल यूनियन पंजाब की अध्यक्ष किरनदीप कौर, एनलिस्टमेंट आउटसोर्स तालमेल कमेटी पंजाब के अध्यक्ष वरिंदर सिंह, एनएसक्यूएफ वोकेशनल टीचर फ्रंट पंजाब के प्रतिनिधि रणजीत सिंह बरनाला, 3704 अध्यापक यूनियन पंजाब के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह, मिड-डे मील ते सफाई वर्कर यूनियन पंजाब के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह और देखा मुलाजिम संघर्ष मोर्चा पंजाब के अध्यक्ष बलिहार सिंह सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
