नई दिल्ली, 16/11/2026
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी यादों पर आधारित किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ लिखने की वजह बताते हुए कहा कि उनके परिवार के बारे में वर्षों से कई गलत और झूठी बातें लिखी जाती रही हैं। वह अपनी कहानी और परिवार से जुड़े तथ्यों को खुद सामने रखना चाहती थीं। किताब के आधिकारिक विमोचन के दौरान सोनिया गांधी ने बताया कि इसे लिखने के लिए उनके बच्चों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मंजुलिका दुबे ने भी उन्हें प्रेरित किया।
इंदिरा और राजीव गांधी से जुड़े अध्याय लिखना रहा मुश्किल
सोनिया गांधी ने कहा कि किताब के जिन हिस्सों को लिखना उनके लिए सबसे कठिन रहा, उनमें उनकी सास इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़ी यादें शामिल थीं राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनका प्रेम जादुई था। उन्होंने यह भी बताया कि राजीव गांधी के राजनीति में आने को लेकर वह शुरुआत में सहमत नहीं थीं, क्योंकि इससे परिवार को साथ बिताने के लिए कम समय मिलने लगा था। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने के बाद उनकी जिंदगी बदल गई, लेकिन एक-दूसरे के साथ मिलने वाला सीमित समय उनके रिश्ते को और मजबूत करता गया।
इंदिरा गांधी को ‘मम्मी’ कहने में लगा समय
सोनिया गांधी ने भारत आने के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी की बहू बनने के बाद उन्हें एक अलग और अधिक औपचारिक माहौल में खुद को ढालना पड़ा। उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह इंदिरा गांधी से डरती थीं और उन्हें ‘मम्मी’ कहकर बुलाने में भी समय लगा। हालांकि, इटली में मिली परवरिश और बड़ों का सम्मान करने की सीख ने उन्हें नए परिवार में सहज होने में मदद की। सोनिया ने यह भी कहा कि राजीव गांधी के निधन के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई और उस कठिन समय में राहुल और प्रियंका ने उनका सहारा बनकर जिम्मेदारियां संभालीं।
किताब को मिला उम्मीद से ज्यादा प्यार
सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि पाठकों की किताब में रुचि होगी, लेकिन इसे जितना प्यार मिला, वह उनके लिए अप्रत्याशित था। उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी डायरी नहीं लिखी और किताब की अधिकांश बातें उनकी अपनी यादों पर आधारित हैं। ‘Belonging’ शीर्षक चुनने के पीछे भी एक खास वजह है। उनके अनुसार, यह नाम जुड़ाव और अपनेपन की भावना को दर्शाता है। किताब के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्षी गठबंधन के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। इनमें अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी, हेमंत सोरेन, उमर अब्दुल्ला और अन्य राजनीतिक हस्तियां शामिल थीं।
