संगरूर, 16/11/2026
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को अपने परिवार के साथ जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में जनसंख्या गणना के दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए सभी पंजाबियों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के दौरान जुटाए जाने वाले आंकड़े पंजाब के भविष्य की योजनाओं, विकास नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने लोगों से 16 से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करने का आग्रह किया।
16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना का मौका
भगवंत मान ने बताया कि जनगणना 2027 के दूसरे चरण में लोग घर बैठे ऑनलाइन अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए 16 से 30 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के तहत परिवार के सदस्यों, शिक्षा, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आय और रहन-सहन से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी। इन आंकड़ों के आधार पर राज्य के विकास और भविष्य की जरूरतों के अनुसार योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी।
25 से 30 मिनट में पूरी होगी प्रक्रिया, दस्तावेजों की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने खुद अपनी स्व-गणना पूरी की है और यह प्रक्रिया बेहद आसान है। इसे पूरा करने में लगभग 25 से 30 मिनट का समय लगता है। इसके लिए किसी दस्तावेज को जमा कराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और इनका इस्तेमाल केवल योजना एवं विकास से जुड़े कार्यों के लिए किया जाएगा।
16 साल बाद हो रही देशव्यापी जनगणना
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि देश में 16 साल के अंतराल के बाद जनगणना कराई जा रही है। यह अभियान दो चरणों में पूरा होगा। पहला चरण, जिसमें मकानों की सूची तैयार करना और आवास से संबंधित जानकारी जुटाना शामिल था, पंजाब में सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और घरेलू संपत्तियों से संबंधित आंकड़े जुटाए गए थे। अब दूसरे चरण में प्रत्येक नागरिक की जनसंख्या प्रोफाइल, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, शिक्षा, प्रवास और प्रजनन दर से संबंधित जानकारी एकत्र की जाएगी।
डिजिटल जनगणना में भाग लेने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना 2027 भारत की पहली डिजिटल जनगणना है। इसमें मोबाइल एप्लिकेशन और ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के जरिए आंकड़े एकत्र किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से सही जानकारी उपलब्ध करवाने और निर्धारित समय के भीतर स्व-गणना पूरी करने की अपील की। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है, क्योंकि यही आंकड़े आने वाले वर्षों में पंजाब की विकास योजनाओं और सामाजिक-आर्थिक नीतियों का आधार बनेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनगणना अभियान से जुड़े अधिकारियों, गणनाकारों, पर्यवेक्षकों, मास्टर ट्रेनरों और फील्ड ट्रेनरों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पहले चरण को सफलतापूर्वक पूरा करने में इन सभी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस अवसर पर निदेशक जनगणना संचालन पंजाब डॉ. नवजोत खोसा ने मुख्यमंत्री को जनगणना 2027 के दूसरे चरण और ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
