सराभा (लुधियाना), 16/11/2026
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को महान क्रांतिकारी शहीद करतार सिंह सराभा के 111वें शहीदी दिवस पर उनके पैतृक गांव सराभा पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए महज 19 साल की उम्र में सर्वोच्च बलिदान देने वाले करतार सिंह सराभा को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम न्याय, समानता, मानवता और विकास पर आधारित समाज का निर्माण करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गांव के लोगों को नवनिर्मित आम आदमी क्लिनिक समर्पित किया। इसके साथ ही गांव के स्पोर्ट्स क्लब को 51 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उन्होंने लोगों से शहीदों के सपनों का रंगला पंजाब बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।
19 साल की उम्र में देश के लिए दिया सर्वोच्च बलिदान
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा ने जिस उम्र में अपने भविष्य के सपने देखने थे, उस उम्र में उन्होंने देश की आजादी के लिए संघर्ष का रास्ता चुना। उन्होंने अपनी जवानी, सपने और जीवन मातृभूमि के नाम कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदी दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि ये हमें देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं। करतार सिंह सराभा का जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उन्होंने बताया कि पंजाब में शुरुआती शिक्षा पूरी करने के बाद करतार सिंह सराभा उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए थे। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में पढ़ाई की। वहां लाला हरदयाल और अन्य क्रांतिकारियों के संपर्क में आने के बाद उन्होंने अपना जीवन आजादी की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि 16 नवंबर 1915 को पहले लाहौर षड्यंत्र मामले में करतार सिंह सराभा समेत सात क्रांतिकारियों को लाहौर सेंट्रल जेल में फांसी दी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि शहीद भगत सिंह करतार सिंह सराभा से बेहद प्रभावित थे और उनकी तस्वीर अपनी जेब में रखते थे।
पंजाब की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का इतिहास साहस, बलिदान, मानवता और धार्मिक स्वतंत्रता की मिसालों से भरा हुआ है। सरकार की जिम्मेदारी है कि इन महान गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए। उन्होंने मालेरकोटला के नवाब द्वारा छोटे साहिबजादों के पक्ष में दिए गए ‘हाअ दा नारा’ और नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पंजाब के गौरवशाली इतिहास और महान व्यक्तित्वों के योगदान के बारे में पढ़ाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने शहीद करतार सिंह सराभा के शहीदी दिवस पर सरकारी अवकाश घोषित किया है, ताकि हर वर्ग के लोग इस महान क्रांतिकारी के जीवन और बलिदान के बारे में जान सकें।
40 लाख रुपये की लागत से बना आम आदमी क्लिनिक
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गांव सराभा में 40 लाख रुपये की लागत से तैयार आम आदमी क्लिनिक का उद्घाटन किया। इस क्लिनिक में लोगों को मुफ्त डॉक्टर परामर्श, इलाज, आवश्यक दवाइयां, लैब टेस्ट, बीमारियों की जांच और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ अस्पतालों में रेफरल की सुविधा मिलेगी। भगवंत मान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम और गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि लुधियाना जिले में पहले से 187 आम आदमी क्लिनिक संचालित हैं, जबकि 27 अन्य क्लिनिक निर्माणाधीन हैं। इनका काम जल्द पूरा किया जाएगा।
पंजाब में मेरिट के आधार पर दी गईं 71,777 सरकारी नौकरियां
युवाओं के रोजगार पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार अब तक 71,777 सरकारी नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने दावा किया कि सभी भर्तियां बिना सिफारिश, भेदभाव और भ्रष्टाचार के केवल योग्यता के आधार पर की गई हैं। उन्होंने युवाओं से मेहनत और पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाती रहेगी। मुख्यमंत्री ने माता-पिता से भी अपने बच्चों को शिक्षा और मेहनत के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हर योग्य युवा को बिना किसी राजनीतिक या प्रभावशाली व्यक्ति की सिफारिश के नौकरी पाने का अवसर मिलना चाहिए।
नशा मुक्त और खुशहाल पंजाब बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से शहीद करतार सिंह सराभा के सपनों का पंजाब बनाने के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा पंजाब बनाना ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जहां नशा, बेरोजगारी, भेदभाव और अन्याय के लिए कोई जगह न हो। हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, हर परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और हर योग्य युवा को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा जैसे महान क्रांतिकारियों का जीवन नई पीढ़ी को देश और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।
