haryana wheather
हरियाणा में ठंड बढ़ने के साथ मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 28 से 31 अक्टूबर तक कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
आज चार जिलों में पीली चेतावनी
28 अक्टूबर को गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में बारिश को लेकर पीली चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण मौसम में बदलाव हो सकता है।
29 अक्टूबर को 12 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
31 अक्टूबर तक जारी रहेगा मौसम में बदलाव
30 अक्टूबर को भी प्रदेश के 11 जिलों में बारिश की चेतावनी रहेगी। मौसम में यह बदलाव 31 अक्टूबर तक जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
गुरुग्राम रहा सबसे ठंडा
27 अक्टूबर को गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोनीपत में 12.8, रेवाड़ी में 13.5 और हिसार व महेंद्रगढ़ में 13.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं, फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
