Hockey World Cup
जालंधर, 27/10/2026
पंजाब में पहली बार आयोजित हो रही ‘हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026’ का मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में उद्घाटन किया। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत सहित छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और मलेशिया की टीमों का स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब विश्व हॉकी में अपना पुराना गौरव वापस पाने के लिए तैयार है।
जालंधर में लीग मैच, मोहाली में सेमीफाइनल और फाइनल
चैंपियनशिप के सभी लीग मुकाबले जालंधर के सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होंगे।
2030 हॉकी विश्व कप की मेजबानी की तैयारी
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब वर्ष 2030 में हॉकी विश्व कप की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य ने 1928 से 2024 तक देश को 77 हॉकी ओलंपियन दिए हैं, जिनमें से 48 खिलाड़ियों ने ओलंपिक पदक जीते हैं।
खेल सुविधाओं पर सरकार का विशेष जोर
मुख्यमंत्री के अनुसार, पंजाब में छह नए एस्ट्रो-टर्फ हॉकी मैदान बनाए गए हैं और दो का निर्माण जारी है। इसके अलावा 18 छह-ए-साइड हॉकी मैदान तैयार किए गए हैं। राज्य में 3,000 से अधिक खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीजन के लिए छह लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। सरकार ने खेलों के लिए 1,744 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से पंजाब में खेल पर्यटन, होटल उद्योग, खेल उपकरण कारोबार और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सहित कई अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
