चंडीगढ़ , 4/10/2026
सिंगापुर में आयोजित सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 के दौरान हरियाणा और छत्तीसगढ़ के बीच एकता की एक अनूठी और यादगार तस्वीर सामने आई है। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय – ने एक साथ एक ही कार में यात्रा की। यह दृश्य दोनों राज्यों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों और आपसी सहयोग की भावना को दर्शाता है।
यात्रा के दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों ने हरियाणा और छत्तीसगढ़ के बीच पारस्परिक सहयोग बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने आने वाले समय में दोनों राज्यों के बीच मिलकर काम करने की नई संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि उद्योग, निवेश, प्रौद्योगिकी, कृषि, कौशल विकास और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाकर दोनों राज्यों के विकास को नई गति दी जा सकती है।
यह यात्रा दोनों राज्यों के बीच मजबूत रिश्तों और साझा हितों की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के बीच हुई यह चर्चा भविष्य में दोनों राज्यों के बीच और अधिक सहयोग के नए द्वार खोलने वाली साबित होगी।
