हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ
चंडीगढ़, 14 सितंबर 2026
हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ के हिंदी विभाग के द्वारा आयोजित हिंदी पखवाड़े (14 सितंबर से 28 सितंबर, 2026) का शुभारंभ 14 सितंबर को उद्घाटन समारोह एवं काव्य पाठ प्रतियोगिता के साथ हुआ। कार्यक्रम में स्नातकोत्तर राजकीय कन्या महाविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. हरप्रीत कौर बतौर अध्यक्ष उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के आरंभ में हिंदी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. विनोद कुमार ने अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़े की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल अभिव्यक्ति का माध्यम ही नहीं बल्कि भारतीय समाज की विविध भाषायी एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी भी है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि और रचनात्मकता का विकास होता है।
उद्घाटन समारोह के पश्चात काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पंजाब विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं संबद्ध महाविद्यालयों से 15 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हिंदी की विविध काव्य-परंपराओं, समकालीन संवेदनाओं, सामाजिक सरोकारों तथा मानवीय मूल्यों से जुड़े काव्य का प्रभावशाली पाठ प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों की काव्य-पाठ शैली, उच्चारण, भावाभिव्यक्ति, प्रस्तुति-कौशल एवं विषय की समझ को विशेष रूप से सराहा गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. हरप्रीत कौर ने हिंदी भाषा की व्यापकता और समकालीन संदर्भों में उसकी उपयोगिता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हिंदी के प्रति प्रेम केवल औपचारिक आयोजनों तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कविता मनुष्य की संवेदनाओं को स्वर देने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का उद्देश्य हिंदी के प्रति विद्यार्थियों एवं युवाओं में रुचि उत्पन्न करने के साथ-साथ भाषा के रचनात्मक और व्यावहारिक पक्ष को प्रोत्साहित करना है।
हिंदी विभाग द्वारा आयोजित हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न भाषायी, साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
