नई दिल्ली(Patarkar Desk): दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। षबताया जा रहा है कि इमारत का इस्तेमाल पेइंग गेस्ट (PG) हॉस्टल के रूप में किया जा रहा था, जहां दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र रहते थे।
हादसे के बाद दिल्ली पुलिस ने कथित बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल समेत कुछ अन्य लोगों के खिलाफ साउथ कैंपस थाने में FIR दर्ज की है। पुलिस ने IPC की धारा 105, 290 और 125(A) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
बेसमेंट में चल रहा था रेनोवेशन
पुलिस के अनुसार, इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी और उसके बेसमेंट में रेनोवेशन का काम चल रहा था। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि बेसमेंट में खुदाई के दौरान एक पिलर खिसक गया, जिसके बाद पूरी इमारत भरभराकर गिर गई।
मुख्यमंत्री ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
NDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, NDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान में NDRF के करीब 70 जवानों के साथ डॉग स्क्वॉड, हाइड्रोलिक जैक और लाइफ डिटेक्टर जैसे उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, मलबे से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों में 4 छात्र—अभिषेक, नीरज, आदित्य और एक अज्ञात छात्र—तथा दो मजदूर असगर अली और अयान शामिल हैं। घायलों का AIIMS ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतकों में युवराज नाम के एक छात्र की पहचान हुई है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के बाद छात्रों का प्रदर्शन
घटना के बाद छात्रों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। ABVP के करीब 150 से 200 सदस्यों ने सिविक सेंटर स्थित MCD कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने MCD कमिश्नर के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान कार्यालय में तोड़फोड़ भी हुई।
पुलिस ने हंगामा कर रहे करीब 15 लोगों को हिरासत में लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन के सदस्यों ने भी दुर्गाबाई देशमुख मेट्रो स्टेशन के पास प्रदर्शन किया।
