(Patarkar Desk) हरियाणा-कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को सुबह करीब पांच बजे गोपालपुर गांव की सीमा के पास मजदूरों से भरी ईको कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
इतना भीषण हादसा था कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मचने के बाद घायलों को उपचार के लिए खरखौदा के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीलीभीत जिले के गांव बड़ेपुरा निवासी करीब 11 मजदूर और ईको कार के चालक समेत कुल 12 लोग ईको कार में सवार होकर झज्जर की तरफ मजदूरी के लिए जा रहे थे।
सुबह पांच बजे जब कार केएमपी (KMP) एक्सप्रेसवे पर गोपालपुर गांव की सीमा में पहुंची तो एक ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। इतनी जबरदस्त टक्कर थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रामनरेश पुत्र रामचंद्र, निवासी गांव बड़ेपुरा, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जबकि हादसे में मारे गए दो अन्य लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। दो शवों को खरखौदा के अस्पताल में लाया गया है, जबकि एक शव हादसे में क्षतिग्रस्त ईको कार में ही फंसा हुआ है। उसे निकालने के लिए पुलिस और राहत दल की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।
बड़ेपुरा गांव के हैं सभी घायल
घायल हुए लोगों की पहचान विवेक पुत्र प्रभुदयाल, छोटू पुत्र खुशहाली, हरिशंकर पुत्र नेतराम, खुशहाली, फातिलाल पुत्र बुद्धसिंह, महेंद्रपाल पुत्र रामसहाय, संजीव पुत्र रामपाल, प्रमोद पुत्र रामरती और नेवाराम के रूप में हुई है। सभी घायल गांव बड़ेपुरा, जिला पीलीभीत के रहने वाले बताए गए हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को खरखौदा सीएचसी लाया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने तथा कार में फंसे शव को बाहर निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया गया।
