चंडीगढ़(Patarkar Desk)- शहर में अब बिल्डिंग प्लान मंजूरी की प्रक्रिया और तेज, पारदर्शी और आसान होगी। चंडीगढ़ प्रशासन ने ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम का विस्तार कर इसे पूरी तरह लागू कर दिया है। अप्रैल 2022 में शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत अब आवासीय के साथ साथ व्यावसायिक और औद्योगिक प्लॉट की कई श्रेणियों को भी ऑनलाइन प्रक्रिया के दायरे में लाया गया है। सेल्फ सर्टिफिकेशन, रियल टाइम एसएमएस-ईमेल अलर्ट और डिजिटल मॉनीटरिंग डैशबोर्ड को प्रमुख रूप से नई व्यवस्था में शामिल किया गया है।
डीसी निशांत कुमार यादव ने कहा कि इस व्यवस्था से अप्रूवल प्रक्रिया तेज, सरल और अधिक पारदर्शी होगी। सेल्फ सर्टिफिकेशन, समय पर एसएमएस-ईमेल अपडेट और रियल टाइम मॉनीटरिंग डैशबोर्ड से देरी कम करने, आवेदकों को लगातार जानकारी देने और सिटीजन चार्टर की समय सीमा का पालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इस दौरान आर्किटेक्ट खुद कर सकेंगे प्लान का सर्टिफिकेशन
काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर (COA) में पंजीकृत योग्य आर्किटेक्ट अब आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक प्लॉट के बिल्डिंग प्लान सेल्फ सर्टिफिकेशन स्कीम के तहत ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इससे जांच और मंजूरी में लगने वाला समय कम होगा। निर्धारित नियमों के तहत आर्किटेक्ट की जिम्मेदारी भी बढ़ेगी।
आवेदन की हर स्टेज का मिलेगा अलर्ट
इस ऑनलाइन सिस्टम में आवेदन की स्थिति की जानकारी रियल टाइम में एसएमएस(SMS)और ईमेल के जरिये मिलेगी। दस्तावेजों की जांच से लेकर फीस की गणना, तकनीकी एनओसी जारी होने से लेकर अंतिम मंजूरी तक प्रत्येक चरण की सूचना अपने आप आवेदक तक पहुंचेगी।
डैश बोर्ड से रहेगी अधिकारियों की निगरानी
प्रशासन ने अधिकारियों और विभागीय प्रमुखों के लिए विशेष डिजिटल(DIGITAL) मॉनीटरिंग डैशबोर्ड तैयार किया है। इससे आवेदन किस स्तर पर लंबित है, इसकी रियल टाइम जानकारी मिलेगी। अधिकारी लंबित मामलों की निगरानी कर समय सीमा में निपटारा सुनिश्चित कर सकेंगे।
