चंडीगढ़, 04 अगस्त 2026
चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित हार्ड रॉक कैफे के बाहर बीती रात एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
रविवार तड़के सेक्टर-26 के हार्ड रॉक कैफे के बाहर कपिल नाम के युवक पर हमला होने का आरोप है। घायल युवक का कहना है कि उसने 1500 रुपये देकर कैफे में प्रवेश किया था। किसी गलतफहमी के बाद बाउंसरों ने पहले उसका मोबाइल छीन लिया और फिर चार बाउंसरों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की।
घटना में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। युवक ने दावा किया कि यदि उसका भाई समय पर मौके पर नहीं पहुंचता, तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी।
हालांकि पुलिस सूत्रों के अनुसार, कैफे के अंदर युवक का एक महिला से विवाद हुआ था। आरोप है कि युवक ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद बाउंसरों ने उसे बाहर निकाला। इसी दौरान धक्का-मुक्की हुई और कार की चाबी सिर पर लगने से वह घायल हो गया।
पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जानकारी देते हुए पुलिसकर्मी ने बताया की कैफे की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
