चंडीगढ़, 29 जुलाई, 2026: चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में PhD स्कॉलर ज्योति की मौत के बाद, PU एडमिनिस्ट्रेशन ने बुधवार को दो इंजीनियरों को सस्पेंड कर दिया। इनमें एग्जीक्यूटिव इंजीनियर-2 (एडिशनल चार्ज) अनिल ठाकुर और सब-डिविजनल इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) लखविंदर सिंह धनोआ शामिल हैं।
यूनिवर्सिटी की ओर से जारी दो अलग-अलग ऑफिशियल ऑर्डर में कहा गया है कि स्टूडेंट की मौत की चल रही जांच पूरी होने तक या अगले ऑर्डर तक दोनों अधिकारी सस्पेंड रहेंगे। ज्योति की बॉडी का बुधवार को पोस्टमॉर्टम भी हुआ। उसके परिवार ने बॉडी को महेंद्रगढ़ (हरियाणा) ले जाकर वहीं रख दिया है।
मंगलवार को यूनिवर्सिटी में करंट लगने से ज्योति की मौत हो गई थी। इसके बाद स्टूडेंट्स ने वाइस चांसलर (VC) ऑफिस का घेराव कर हंगामा किया। देर रात तक चले हंगामे के दौरान ज्योति के परिवार वाले भी PU पहुंच गए। उनसे लंबी बातचीत के बाद PU एडमिनिस्ट्रेशन ने मृतक के भाई को नौकरी और परिवार को ₹16 लाख का मुआवजा देने का भरोसा दिया।
मृतक के भाई ने 12वीं क्लास के साथ ITI (इलेक्ट्रिकल) की पढ़ाई पूरी की है। उसे PU में इलेक्ट्रीशियन के पद पर नियुक्त किया जाएगा। नियुक्ति में बेसिक सैलरी Rs. 19,900, ग्रेड पे Rs. 400, DA और पंजाब सरकार के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते दिए जाएंगे।
