पंजाब पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर में दो अलग-अलग हथियार सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कमिश्नरेट पुलिस ने दो नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 आधुनिक पिस्तौल, 7 जिंदा कारतूस और एक एक्टिवा स्कूटर बरामद किया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनमोल सिंह उर्फ मोहला (19), निवासी नौशहरा ढाला, तरनतारन और हरदीप सिंह उर्फ शिव (18), निवासी गांव चेला, तरनतारन के रूप में हुई है। इनके अलावा दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।
विदेशी हैंडलर से जुड़े थे आरोपी
डीजीपी के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे। यह हैंडलर अवैध हथियारों की खेप भेजने में मदद करता था, जिन्हें संगठित नेटवर्क के जरिए अपराधियों तक पहुंचाया जाता था।
दो अलग-अलग ऑपरेशन में बरामद हुए हथियार
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले ऑपरेशन में थाना कैंट पुलिस ने एक्टिवा पर जा रहे एक नाबालिग को पकड़कर छह पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए। दूसरे ऑपरेशन में थाना गेट हकीमा पुलिस ने अनमोल सिंह और उसके नाबालिग साथी को पांच पिस्तौलों सहित पकड़ा। पूछताछ के आधार पर हरदीप सिंह उर्फ शिव को पांच अन्य पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया। बरामद हथियारों में तीन 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, चीन निर्मित पिस्तौल सहित विभिन्न .30 बोर की पिस्तौल और एक देसी .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं।
दो एफआईआर दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने थाना कैंट में एफआईआर नंबर 196 और थाना गेट हकीमा में एफआईआर नंबर 315 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए हैं। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि हथियार सप्लाई नेटवर्क के विदेशी संपर्कों और अन्य सहयोगियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
