चंडीगढ़ वेतन लेकर घर लौट रहे दर्जी की गला रेतकर हत्या करने के मामले में फरार तीन आरोपियों को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान पंचकूला की राजीव कॉलोनी के रहने वाले सिकंदर उफ पप्पू उर्फ गंजी (22), साहिल उर्फ कांचा (19) और पंचकूला के ही इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले जयप्रकाश उर्फ कालू (21) के रूप में हुई है।
आरोपियों ने वीरवार देर शाम उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब दर्जी का काम करने वाला सुरेश कुमार जीरकपुर से
मौलीजागरां अपने घर आ रहा था। घर से करीब 100 मीटर दूरी पर आरोपियों ने रास्ता रोका और चाकू से हमला कर फरार हो गए। मौलीजागरां थाना पुलिस ने मृतक के बेटे रोहित की शिकायत पर हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना मौली जागरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायत में मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि पिता सुरेश कुमार माया गार्डन जीरकपुर में दर्जी का काम करते हैं। शाम करीब साढ़े 7 बजे बाजार जाते समय बावा पार्किंग के पास देखा कि तीन लड़के पिता को घेरकर लूट की कोशिश कर रहे थे। पिता ने विरोध किया तो एक लड़के ने चाकू से हमला कर दिया। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौली जागरा थाना प्रभारी सतनाम सिंह मौके पर पहुंचे। घायल को अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने टीम बनाई। तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दबोचा लिया। उनके कब्जे से अपराध में प्रयुक्त हथियार यानी चाकू भी बरामद कर लिया है।