न्यूज डेस्क, 11/01/2026
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है. जिसका पहला मैच वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में विराट कोहली भारतीय टीम के प्लेइंग-11 का हिस्सा हैं, जो उनका 309 वां इंटरनेशनल वनडे मैच है. इसके साथ कोहली ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को सबसे ज्यादा वनडे इंटरनेशनल मैच खेलने के मामले में पीछे छोड़ दिया हैं.
गांगुली ने भारत के लिए 308 वनडे मैच खेले हैं
गांगुली ने भारत के लिए 308 वनडे मैच खेले हैं, और 37 वर्षीय कोहली ने अपने 309 वें वनडे मैच के साथ सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं. इस लिस्ट में पहले चार स्थान पर सचिन तेंदुलकर (463), एमएस धोनी (347), राहुल द्रविड़ (340) और मोहम्मद अजहरुद्दीन (334) हैं.
कोहली ने संगाकारा को भी छोड़ा पीछे
इसके अलावा विराट कोहली ने सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने के मामले में श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगाकारा (28,016 रन) को भी पीछे छोड़ दिया है. 42 रन बनाते ही कोहली अब दूसरे सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे आगे केवल अब सचिन तेंदुलकर ही हैं, जिनके नाम 34 हजार 357 रन हैं.
कोहली ने सचिन को छोड़ा पीछे
इसके साथ विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 28 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, उन्होंने 624 पारी में ये रिकॉर्ड अपने नाम किया है. इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था जिन्हें 28 हजार रन बनाने के लिए 644 पारी लेनी पड़ी थी.
विराट का वनडे करियर
विराट कोहली इस मैच से पहले 308 वनडे मैच में 58 की औसत से कुल 14557 रन बना चुके हैं, जिसमें 53 शतक और 76 अर्धशतक शामिल हैं. इस फॉर्मेट में उनका उच्चतम सुकोर 183 रन है.
सचिन का भी टूट सकता है रिकॉर्ड
अब स्टार बल्लेबाज की नजर सचिन के रिकॉर्ड पर है, क्योंकि कोहली को भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे मैच में सबसे सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी बनने के लिए केवल 94 रनों की जरूरत है. अभी तक सचिन के नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ 41 पारियों में 1,750 रन हैं और विराट कोहली के नाम 33 वनडे पारियों में 1,657 रन हैं.
कोहली की नजर पोंटिंग-सहवाग के रिकॉर्ड पर भी
भारतीय दाएं हाथ के बल्लेबाज की नजर एक और रिकॉर्ड पर है क्योंकि उन्होंने अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ छह वनडे शतक बनाए हैं. वह रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग के साथ संयुक्त रूप से इस लिस्ट में शीर्ष पर हैं, जिन्होंने ब्लैक कैप्स के खिलाफ छह-छह शतक बनाए हैं, एक और शतक के साथ, कोहली 50 ओवर के क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.
