तेहरान, 04/03/2026
अमेरिका- इजराइल के ईरान पर किए गए हमले का आज बुधवार को पांचवा दिन है. अभी युद्ध खत्म होने के कोई आसार नहीं हैं बल्कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लड़ाई खींचने के संकेत दिए हैं. अमेरिका और इजराइल का ईरान पर हमला जारी है. इजराइल ने हमले का दायरा बढ़ाकर लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकाने तक कर दिया है.
मंगलवार को लेबनान के हेल्थ मिनिस्ट्री ने बताया कि बेरूत के आस-पास के इलाकों और दक्षिणी लेबनान में हुए हमलों में कम से कम 52 लोग मारे गए और 154 घायल हुए. इस बीच ईरान मिडिल ईस्ट में अमेरिका के सैन्य अड्डों को निशाना बनाना जारी रखा. वहीं अमेरिका के एम्बेसी को भी निशाना बनाया गया. ट्रंप ने इसका जवाब अत्यंत कठोरता से देने का ऐलान किया है.
पूरे मिडिल ईस्ट में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं, कई एयरपोर्ट पर बहुत कम या बिल्कुल भी फ्लाइट ऑपरेशन नहीं हो रहे हैं, जो वैसे यात्रियों से भरे रहते हैं. ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के अनुसार देश में मरने वालों की संख्या 800 के करीब पहुँच गई. पिछले चार दिनों से ईरान पूरे इलाके में जवाबी कार्रवाई कर रहा है. इजराइल और खाड़ी देशों के अंदर कई जगहों पर हमला कर रहा है, जिसमें कतर में एनर्जी फैसिलिटी और सऊदी अरब में अमेरिकी एम्बेसी शामिल हैं. युद्ध का दायरा बढ़ने, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत और इन सबसे बाहर निकलने का कोई साफ प्लान न होना एक लंबे संघर्ष के लिए माहौल तैयार कर दिया है जिसके दूरगामी नतीजे होंगे.
दुबई जैसी मिडिल ईस्ट में सुरक्षित पनाहगाह मानी जाने वाली जगहों पर भी हमले हो रहे हैं. ईंधन की कीमतें बढ़ गई हैं. जैसे-जैसे संघर्ष बढ़ रहा है अमेरिकी विदेश विभाग ने अमेरिकी नागरिकों से सुरक्षा जोखिमों के कारण एक दर्जन से ज्यादा मिडिल ईस्ट देशों को छोड़ने की अपील की है.
मैं तब तक ऐसा करने के लिए तैयान नहीं था : स्टार्मर
ईरान संघर्ष पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने कहा कि हमारा देश युद्ध में इसलिए शामिल नहीं हुआ क्योंकि मैं तब तक ऐसा करने को तैयार नहीं था जब तक कि कोई कानूनी आधार और एक सुविचारित योजना न हो.
ईरानी राष्ट्रपति ने खाड़ी देशों से कहा कि तेहरान के पास हमला करने के अलावा ‘कोई चारा नहीं’ था
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने ईरान के पड़ोसी देशों से बात करते हुए कहा कि ईरान डिप्लोमेसी के जरिए युद्ध टालना चाहता था, लेकिन यूएस-इजराइल हमलों के कारण उसके पास जवाबी कार्रवाई करने के अलावा “कोई चारा नहीं” बचा. राष्ट्रपति ने एक्स पर अरबी और फ़ारसी में दो अलग-अलग पोस्ट में कहा, “हम आपकी संप्रभुता का सम्मान करते हैं.” उन्होंने आगे कहा कि ईरान का मानना है कि इस इलाके में सुरक्षा मिलकर कोशिश करके हासिल की जानी चाहिए.
एयर इंडिया ने मिडिल ईस्ट से आने-जाने वालों को दिया ये ऑप्शन
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच छिड़े युद्ध, मध्य पूर्व में जारी संघर्ष का असर उड़ानों पर भी पड़ रहा है. एयर इंडिया ने अपने ग्राहकों को 28 फरवरी 2026 या उससे पहले की गई मिडिल ईस्ट से आने-जाने वाली उड़ानों की कंफर्म बुकिंग के लिए फ्री रीशेड्यूलिंग या रद्द करने पर रिफंड का विकल्प दे रही है.
समुद्र में डूबे ईरानी युद्धपोत से 87 लोगों के शव बरामद: श्रीलंकाई नौसेना
श्रीलंका के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि श्रीलंका के दक्षिणी तट पर डूब रहे ईरान के नौसैनिक जहाज से 32 लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी डॉ. अनिल जसिंघे ने बताया कि इनमें से एक की हालत गंभीर है, सात का आपातकालीन उपचार चल रहा है और अन्य को मामूली चोटें आई हैं. श्रीलंकाई नौसेना ने कहा कि समुद्र में डूबे ईरानी युद्धपोत से 87 लोगों के शव बरामद हुए हैं. विदेश मंत्री विजिथा हेराथ ने संसद को बताया कि श्रीलंका की नौसेना को सूचना मिली थी कि 180 लोगों को ले जा रहा पोत ‘इरिस देना’ संकट में है, जिसके बाद श्रीलंका ने बचाव अभियान के लिए अपने पोतों और वायुसेना के विमानों को भेजा. नौसैनिकों के घायल होने और पोत को हुए नुकसान के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है.
