झज्जर, 30/11/2025
हरियाणा के झज्जर जिले के कबलाना गांव में आयोजित बाबा पालनाथ की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन धर्म और राष्ट्रीय एकता को लेकर बड़ा संदेश दिया.
“बंटेंगे तो कटेंगे”
उन्होंने कहा कि “बटेंगे तो कटेंगे” जाति, तुष्टिकरण, क्षेत्र और भाषा के नाम पर विभाजन स्वीकार नहीं है. सनातन धर्म की ध्वजा को ऊंचा रखना है तो एकजुट रहना होगा. हर सनातनी के घर में सनातन की धर्म ध्वजा लहराई जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्ण युग का मार्ग प्रशस्त हो चुका है, लेकिन इसके साथ ही सतर्क रहने की आवश्यकता भी बढ़ गई है. समाज पर दो तरह के हमले हो रहे हैं, एक धर्मांतरण और दूसरा नशा. उन्होंने नशे को सबसे बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि विदेशी ताकतें भारतीय युवाओं को नशे की ओर धकेलने की साज़िश कर रही हैं. सीमा पार से भी नापाक कोशिशें की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य समाज को कमजोर करना है. योगी ने स्पष्ट कहा कि नशा नाश का कारण है और इसके विरुद्ध जन-भागीदारी और एकजुट प्रयास आवश्यक हैं .
सनातन विरोधी गतिविधि स्वीकार नहीं: सीएम योगी
उन्होंने ये भी कहा कि कोई भी सनातन-विरोधी गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी. धर्म और राष्ट्र के खिलाफ काम करने वाली शक्तियों को सामाजिक सजगता और संगठनात्मक क्षमता के बल पर ही रोका जा सकता है. कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार की सराहना करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य डबल इंजन की गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि हरियाणा में बेहतर बुनियादी ढांचा, कृषि सुधार और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास की नई संभावनाएं निर्मित हो रही हैं.
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम रहे
कबलाना में आयोजित ये कार्यक्रम पालनाथ आश्रम में महंत बालक नाथ की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जहां नाथ संप्रदाय से जुड़े संत समाज ने योगी आदित्यनाथ का भव्य स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक अनुष्ठानों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. योगी आदित्यनाथ के झज्जर आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. जिले में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके. प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरा आयोजन सफल रहा
