गुरदासपुर, 22/02/2026
भारत-पाक सीमावर्ती जिले गुरदासपुर में रविवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. दोरांगला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आदिया गांव की पुलिस चौकी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की गोली लगने से मौत हो गई. मारे गए पुलिसकर्मियों की पहचान ASI गुरनाम सिंह और होम गार्ड जवान अशोक कुमार के रूप में हुई है.
घटना का विवरण
यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:00 बजे की बताई जा रही है. गुरदासपुर के एसएसपी (SSP) आदित्य ने बताया कि सुबह जब दोरांगला थाने के एसएचओ (SHO) बनारसी दास ने चौकी पर फोन किया, तो किसी ने जवाब नहीं दिया. इसके बाद उन्होंने एक स्थानीय ग्रामीण को वहां भेजा, जिसने चौकी के अंदर एक कमरे में दोनों पुलिसकर्मियों के शव खून से लथपथ पड़े देखे.
“सुबह दोरांगला पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) बनारसी दास ने फोन किया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया. फिर उन्होंने एक गांव वाले को फोन किया, जो पुलिस पोस्ट पहुंचा. जहां दोनों लोगों की लाशें एक कमरे में पड़ी थीं.”- आदित्य, SSP गुरदासपुर
जांच के मुख्य बिंदु
पुलिस ने मौके से 6 खाली खोल बरामद किए हैं, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि गोलियां किसने चलाईं. गुरदासपुर के SSP आदित्य ने बताया कि इस घटना की अलग-अलग एंगल से जांच की जा रही है. घटना की गैंगस्टर और आतंकवादी से जुड़े होने के एंगल से जांच की जा रही है. आपसी विवाद के बाद एक-दूसरे पर गोली चलाने की भी आशंका जतायी जा रही है.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
यह चौकी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास होने के कारण बेहद संवेदनशील मानी जाती है, जिसे सुरक्षा की ‘दूसरी रक्षा पंक्ति’ कहा जाता है. घटना की गंभीरता को देखते हुए बीएसएफ (BSF) के डीआईजी जसविंदर कुमार बिरदी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए गुरदासपुर के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है.
