चंडीगढ़, 24/02/2026
आज हरियाणा विधानसभा बजट सत्र का तीसरा दिन है. सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी. तीसरे दिन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल के साथ होगी. इस दौरान कांग्रेस और सत्तापक्ष बीजेपी के 20 विधायकों ने सवाल लगाए हैं. सेशन में सरकार की ओर से दी जाने वाली 13 कैटेगरी की पेंशन का मुद्दा गूंजेगा. कांग्रेस की ओर से पेंशनरों की संख्या को लेकर सवाल पूछा गया है. इसके अलावा कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने भी सदन में खिलाड़ियों को लेकर सवाल लगाया है. इससे पहले हरियाणा कांग्रेस के विधायक पैदल मार्च निकाल रहे हैं. इस मार्च का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया.
इन मुद्दों पर कांग्रेस का पैदल मार्च
अमेरिका के साथ ट्रेड डील, मनरेगा का नाम बदलना, कानून व्यवस्था, HPSC के तहत हरियाणा के युवाओं की नौकरी ना लगना, किसानों का मुआवजा, परिवार पहचान पत्र, बजुर्गों की पेंशन, धान घोटाला सहित तमाम मुद्दों को लेकर पैदल कांग्रेस विधायक पैदल मार्च कर रहे हैं.
कांग्रेस का पैदल मार्च, हाथों में तख्तियां लेकर लगाए नारे
हरियाणा कांग्रेस विधायकों ने हाई कोर्ट चौक से विधानसभा भवन के लिए पैदल मार्च किया. इस मार्च की अगुवाई नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने की. इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी की. कांग्रेस विधायक हाथों में तख्तियां और झुनझुना लिए नजर आए.
प्रश्नकाल से शुरू होगी तीसरे दिन की कार्यवाही
हरियाणा विधानसभा बजट सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू होगी. कांग्रेस और सत्ताधारी बीजेपी के करीब 20 विधायकों ने अलग-अलग विभागों से जुड़े सवाल लगाए हैं. विपक्ष की तरफ से खास तौर पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे. कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने राज्य में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग और अन्य कैटेगरी में पेंशन लेने वाले लोगों की संख्या और बंद की गई पेंशन का पूरा ब्योरा मांगा. इस मुद्दे को लेकर सदन में सरकार की योजनाओं और लाभार्थियों की स्थिति पर चर्चा की स्थिति है.
