न्यूज डेस्क, 29/12/2025
साल 2025 में भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 इंटरनेशनल में शानदार प्रदर्शन किया है. 2024 में क्रिकेट इस छोटे फॉर्मेट में वर्ल्ड कप जीतने के बाद से भारतीय टीम सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में एक भी सीरीज नहीं हारी है. इसी वजह से इस साल मैन ऑफ द मैच (Player of the Match) अवॉर्ड्स पर भारतीय खिलाड़ियों का जबरदस्त कब्जा देखने को मिला और टीम को युवा और अनुभवी खिलाड़ियों ने मिलकर कई यादगार जीत दिलाई. भारतीय टीम ने 2025 में कुल 21 टी20 मैच खेले जिसमें उन्हें 15 में जीत मिला और केवल 3 में हार का सामना करना पड़ा. जबकि दो मैच को कोई नतीजा नहीं निकल सका और एक मैच टाई रहा था.
अगर हम इस साल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में मैन ऑफ द मैच पाने वाले भारतीय खिलाड़ियों के बारे में बात करें तो लिस्ट में नंबर वन टी20 बैटर अभिषेक शर्मा सबसे ऊपर हैं. उन्होंने सबसे ज्यादा तीन बार ये अवॉर्ड जीता है जबकि अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, तिलक वर्मा और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 बार ये अवॉर्ड हासिल किया है. 2025 का साल साफ तौर पर दिखाता है कि टीम इंडिया की ताकत सिर्फ एक या दो खिलाड़ी नहीं, बल्कि पूरी टीम है. अगर टीम इंडिया का यही फॉर्म जारी रहा तो आने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट्स में भारत को हराना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा.
अभिषेक शर्मा – 3 मैन ऑफ द मैच (21 मैच)
इस सूची में सबसे ऊपर अभिषेक शर्मा का नाम है. उन्होंने 2025 में खेले गए 21 टी20 इंटरनेशनल मैच में 43 की औसत से कुल 895 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 5 अर्धशतक शामिल है. इस दौरान उका स्ट्राइक रेट 193 का रहा. पावरप्ले में तेज रन बनाना उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है.
अर्शदीप सिंह – 2 मैन ऑफ द मैच (12 मैच)
भारत के भरोसेमंद लेफ्ट-आर्म पेसर अर्शदीप सिंह ने सिर्फ 12 मैचों में 2 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतकर अपनी अहमियत साबित की. डेथ ओवर्स में उनकी सटीक यॉर्कर और दबाव में विकेट निकालने की क्षमता ने कई मैचों का रुख भारत के पक्ष में मोड़ा. इस साल अर्शदीप ने कुल 12 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 15 विकेट लिए.
कुलदीप यादव – 2 मैन ऑफ द मैच (10 मैच)
स्पिन विभाग में कुलदीप यादव का जलवा भी बरकरार रहा. उन्होंने 10 मैचों में 2 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम किए. मिडिल ओवर्स में उनकी कलाई की फिरकी ने विपक्षी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया और मैच जिताऊ स्पेल डाले. अपने 10 मैच उन्होंने 21 विकेट निकाले.
तिलक वर्मा – 2 मैन ऑफ द मैच (20 मैच)
युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने 20 मुकाबलों में 2 बार मैन ऑफ द मैच बने. मिडिल ऑर्डर में टिककर खेलना और मुश्किल परिस्थितियों में रन बनाना तिलक की खास पहचान बन चुकी है. उन्होंने इस साल कुल 20 मैच खेले हैं जिसमें 47 की औसत से कुल 567 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक भी लगाए.
वरुण चक्रवर्ती – 2 मैन ऑफ द मैच (20 मैच)
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भी 20 मैचों में 2 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते. उनकी अनोखी गेंदबाजी और सटीक लाइन-लेंथ ने टी20 फॉर्मेट में भारत को बड़ा हथियार दिया. अपने 20 मैच में वरुण ने 14 की औसत से 36 विकेट लिए, जिसमें 24 रन देकर 5 विकेट लेने का स्पेल उनका सबसे शानदार स्पेल रहा.
