नई दिल्ली, 07/01/2026
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ गई है. उन्हें रविवार रात 10 बजे सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और मेडिकल जांच में पाया गया कि ठंडे मौसम और प्रदूषण के मिले-जुले असर के कारण उनका ब्रोंकियल अस्थमा थोड़ा बढ़ गया था.
डॉक्टर अजय स्वरूप ने आगे बताया कि एहतियात के तौर पर उन्हें आगे की निगरानी और इलाज के लिए भर्ती कराया गया. फिलहाल, उनकी हालत बिल्कुल स्थिर है. उन्हें एंटीबायोटिक्स और अन्य सहायक दवाएं दी जा रही हैं. इससे उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है. उन्हें डिस्चार्ज करने का फैसला इलाज करने वाले डॉक्टर उनकी क्लिनिकल प्रगति के आधार पर लेंगे और इसकी संभावना एक या दो दिन में है.
बता दें कि 79 वर्षीय सोनिया गांधी की इससे पहले सात जून 2025 को भी हिमाचल दौरे के दौरान तबीयत खराब हो गई थी. तब वह शिमला में थीं. उन्हें उस समय शिमला के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उसके बाद फिर उन्हें दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल में ही भर्ती कराया गया था. बता दें कि पहले भी सोनिया गांधी को रूटीन जांच के लिए सर गंगाराम अस्पताल में लाया जाता रहा है
