पानीपत, 14/03/2026
हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने पंचकूला एसपी को सिंगर बादशाह की गिरफ्तारी और उनके पासपोर्ट को जब्त करने के आदेश दिए हैं. दरअसल टटिहरी गाना विवाद को लेकर हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह को नोटिस जारी कर 13 फरवरी को पेश होकर सफाई देने का आदेश दिया था. आज आखिरी दिन होने के बावजूद बादशाह हरियाणा महिला आयोग के पेश नहीं हुए. जिसके बाद चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने सख्त रवैया अपनाया है.
सिंगर बादशाह की गिरफ्तारी के आदेश
रेनू भाटिया ने कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि “उत्तराखंड महिला आयोग ने भी इस मामले को लेकर हरियाणा महिला आयोग का समर्थन किया है. मैं सभी राज्यों के महिला आयोग से एकजुट होने की अपील करती हूं. मैं सभी महिला आयोग से ये अपील भी करती हूं कि देश में कहीं भी बादशाह का शो नहीं होने दे. मैंने पंचकूला एसपी को बादशाह को गिरफ्तार करने और उसके पासपोर्ट को जब्त करने के आदेश दिए हैं.”
महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने क्या कहा?
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि “बादशाह को इस मामले में अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया गया था. उन्हें नोटिस भेजकर आयोग के सामने पेश होने के लिए कहा गया था, मगर वो निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे. अगर कोई व्यक्ति आयोग के नोटिस को गंभीरता से नहीं लेता, तो कानून के तहत कार्रवाई करना जरूरी हो जाता है. आयोग महिलाओं की गरिमा से जुड़े मामलों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगा.”
बादशाह के वकील ने क्या कहा?
सिंगर बादशाह के वकील ने बताया कि हम बादशाह की तरफ से महिला आयोग के सामने पेश हुए, हमने बताया कि बादशाह किन्हीं वजहों के चलते नहीं आ पाए, लेकिन चेयरपर्सन संतुष्ट नहीं हुई. उन्होंने बादशाह को पेश होने के आदेश दिए हैं. हम कानूनी प्रक्रिया का पालन करेंगे.
टटिहरी गाने को लेकर विवाद
ये पूरा विवाद बादशाह के हरियाणवी गाने टटिहरी को लेकर शुरू हुआ था. गाने के बोल और वीडियो पर कई सामाजिक संगठनों और लोगों ने आपत्ति जताई थी. शिकायत में कहा गया कि गाने में महिलाओं और लड़कियों को गलत तरीके से दिखाया गया है और इसमें इस्तेमाल भाषा भी आपत्तिजनक है. इसके बाद इस मामले को महिला आयोग तक पहुंचाया गया, जहां आयोग ने इसे गंभीर मानते हुए स्वतः संज्ञान लिया.
नोटिस के बाद भी नहीं पहुंचे बादशाह
महिला आयोग ने शिकायत मिलने के बाद बादशाह को नोटिस जारी कर सुनवाई के लिए बुलाया था. आयोग चाहता था कि वो सामने आकर अपना पक्ष रखें और गाने के बारे में सफाई दें. तय तारीख पर उनके पेश ना होने के बाद आयोग ने इसे गंभीरता से लिया और गिरफ्तारी की कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए. आयोग का कहना है कि जब तक इस मामले में पूरी जांच नहीं हो जाती, तब तक कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी.
हरियाणा में बादशाह के खिलाफ 3 FIR
इस मामले को लेकर बादशाह के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज की गई है. एक एफआईआर पंचकूला में और दो एफआईआर जींद में दर्ज की गई है. हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने कहा कि पानीपत में भी एक एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी.
