न्यूज डेस्क, 28/01/2026
मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का एलान किया. सिंगर के इस एलान ने उनके फैंस का दिल तोड़ दिया. अपनी सुरीली आवाज और शांत स्वभाव के लिए जाने जाने वाले अरिजीत ने भारतीय संगीत में सबसे लॉयल फैन बेस में से एक बनाया है. टेलीविजन पर रियलिटी शो फेम गुरुकुल से अपने सफर की शुरुआत करने से लेकर बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद सिंगर बनने तक, उनका ये सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है.
25 अप्रैल 1987 में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के जियागंज में जन्मे अरिजीत सिंह का म्यूजिकल सफर बहुत कम उम्र में शुरू हुआ था. सिख पिता कक्कड़ सिंह और बंगाली मां अदिति सिंह के बेटे, अरिजीत ने अपने होमटाउन में क्लासिकल म्यूजिक की ट्रेनिंग ली.
लगभग 18 साल की उम्र में, अरिजीत ने फेम गुरुकुल (2005) में हिस्सा लिया, जहां उनका टैलेंट पहली बार लोगों के सामने आया. हालांकि फिल्मों में उनके शुरुआती गाने ज्यादा असर नहीं डाल पाए. उन्होंने मर्डर 2 के गाने फिर मोहब्बत से बॉलीवुड में प्लेबैक डेब्यू किया.
म्यूजिक इंडस्ट्री में अपना नाम बनाने के लिए संघर्ष कर रहे अरिजीत सिंह के करियर का टर्निंग पॉइंट 2013 में आया. उन्होंने 2013 में रिलीज हुई आदित्य राव कपूर और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘आशिकी 2’ में ‘तुम ही हो’ गाना गाया था. इस गाने ने उन्हें फर्श से अर्श तक ले गया और रातों रात वह स्टार बन गए. हालांकि इससे पहले एजेंट विनोद का ‘राबता’ गाने ने उन्हें पहचान दिलाई थी, लेकिन, ‘आशिकी 2’ के गाने ने बड़ी संख्या में लोगों प्रभावित कर गया. ‘तुम ही हो’ गाने के लिए उन्हें बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड सहित कई अवॉर्ड मिले थे.इस सफलता के बाद अरिजीत सिंह ने शाहरुख खान और सलमान खान से लेकर बॉलीवुड के टॉप स्टार की आवाज बन गए, उन्होंने ओ सजनी, केसरिया, बिनते दिल, तुझे कितना चाहने लगे, घर कब आओगे और गहरा हुआ जैसे हिट ट्रैक के लिए अपनी आवाज दी.
अरिजीत सिंह खासकर रोमांटिक गानों के लिए काफी मशहूर हैं. लेकिन, उन्होंने कई स्टाइल में भी गानें गाए हैं, जिसमें पंजाबी फोक समझावां, सूफी/कव्वाली मस्त मगन, इलेक्ट्रॉनिक ब्लेम द नाइट, क्लब ट्रैक रात भर, गजलें गुलों में रंग भरे शामिल हैं. इन सबके अलावा उन्हें क्लासिकल और लोक संगीत भी पसंद है. वह हेवी मेटल से बचते है. लगभग एक दशक के अपने करियर में, अरिजीत सिंह ने हिंदी, बंगाली, मराठी और तेलुगु सहित कई भाषाओं में 300 से अधिक गानों को अपनी आवाज दी है.
अरिजीत ने अपनी पर्सनल लाइफ को काफी हद तक प्राइवेट रखा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने 2013 में फेम गुरुकुल की अपनी साथी कंटेस्टेंट रूपरेखा बनर्जी से पहली शादी की थी, लेकिन यह शादी तलाक में खत्म हो गई. 2014 में, उन्होंने तारापीठ मंदिर में कोयल रॉय से शादी की. बताया जाता है कि कोयल की पिछली शादी से एक बेटी है. अपनी शोहरत के बावजूद, अरिजीत अपनी पर्सनल लाइफ को लो-प्रोफाइल रखने में कामयाब रहे हैं.
अरिजीत सिंह के टैलेंट को बड़े लेवल पर पहचान मिली है. उन्होंने 2018 में 66वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में ‘पद्मावत’ के गाने ‘बिनते दिल’ के लिए अपना पहला नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीता, और 2022 में 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में ‘ब्रह्मास्त्र’ के गाने ‘केसरिया’ के लिए दूसरा अवॉर्ड जीता. 2025 में, उन्हें भारतीय संगीत में उनके बेहतरीन योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया.
अरिजीत सिंह अपने काम के लिए मोटी फीस लेते हैं. कई रिपोर्टों के अनुसार, अरिजीत सिंह किसी प्रोजेक्ट के लिए हर एक गाने के लिए लगभग 8 से 10 लाख रुपये लेते हैं. हालांकि, चुनिंदा फिल्मों के लिए यह रकम और भी अधिक हो सकती है.
अरिजीत सिंह के लाइव परफॉर्मेंस की फीस की बात करें तो वह इसके लिए काफी चार्ज लेते हैं. एक मीडिया इंटरव्यू में संगीतकार मोंटी शर्मा ने अरिजीत सिंह के लाइव परफॉर्मेंस की फीस के बारे में खुलासा किया था. उन्होंने बताया था कि अरिजीत एक परफॉर्मेंस के लिए 2 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं.
दूसरे अन्य रिपोर्ट्स की माने तो सिंगर दो घंटे के लाइव कॉन्सर्ट से लगभग 14 करोड़ रुपये का बिजनेस करते हैं, जिससे वह न केवल भारत में बल्कि ग्लोबल लेवल पर सबसे अधिक कमाई करने वाले सिंगर्स की लिस्ट में शुमार हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अरिजीत की अनुमानित संपत्ति 414 करोड़ रुपये है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरिजीत सालाना करीब 70 करोड़ रुपये कमाते हैं. इतना समृद्धि होने के बावजूद वह जमीन से जुड़े रहे. हलचल भरे महानगर में पूरे समय रहने के बजाय, वह अपने गांव के शांत माहौल को चुनते हैं. हालांकि मुंबई में उनका एक अपार्टमेंट है.
