चंडीगढ़, 04/03/2026
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) ने बी.ए. एलएलबी (ऑनर्स) और बी.कॉम एलएलबी (ऑनर्स) पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक विद्यार्थी 9 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
क्या है दाखिले का फार्मूलाः
विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया है कि प्रवेश परीक्षा यानी सीईटी-यूजी 26 अप्रैल 2026 चंडीगढ़ में आयोजित की जाएगी. आवेदन फॉर्म और प्रॉस्पेक्टस यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट uglaw.puchd.ac.in पर उपलब्ध है. दाखिला सीईटी-यूजी के अंकों और 10+2 (बारहवीं) के रिजल्ट के आधार पर होगा. दोनों को 50-50 प्रतिशत वेटेज दी जाएगी. यानी आधे अंक प्रवेश परीक्षा के और आधे 10+2 के नतीजों के माने जाएंगे.
कितनी सीटें हैंः
सीटों की बात करें तो पीयू कैंपस स्थित यूआईएलएस में बीए एलएलबी (ऑनर्स) और बीकॉम एलएलबी (ऑनर्स) की 180-180 सीटें हैं. इसके अलावा पीयू रीजनल सेंटर लुधियाना और होशियारपुर में बीए एलएलबी (ऑनर्स) के लिए 60-60 सीटें उपलब्ध हैं.
22 अप्रैल को जारी होगा एडमिट कार्डः
ऑनलाइन फीस जमा करने की आखिरी तारीख 11 अप्रैल है. फोटो, साइन और बाकी जरूरी जानकारी वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल रखी गई है. एडमिट कार्ड 22 अप्रैल से वेबसाइट पर डाउनलोड किए जा सकेंगे.
लेट फीस के साथ 23 अप्रैल तक भर सकते हैं फार्मः
यदि किसी छात्र ने फीस जमा कर दी है लेकिन फॉर्म नहीं भर पाये, तो वे 23 अप्रैल को 500 रुपये लेट फीस के साथ अपना फॉर्म भर सकते हैं. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने साफ किया है कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ही होगी. छात्रों से कहा गया है कि वे किसी भी अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें.
