कानपुर, 09/12/2025
केवल अभिनय नहीं, अगर गौरव की बात करें तो स्कूल के दिनों में गौरव ने खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों व जनसंवाद से जुड़े कार्यक्रमों में अपनी शानदार भूमिका निभाई.
गौरव ने शहर के कैंट स्थित सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल में 12वीं तक की पढ़ाई के दौरान अपनी एक ऐसी छवि बनाई, जिससे वह सभी के हमेशा चहेते रहे हैं. कुछ दिनों पहले जब गौरव का स्कूल आगमन हुआ था, तो यहां स्कूली छात्रों से अपना सफलता गाथा को भी साझा किया. सोमवार को ये बातें सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल के प्रधानाचार्य गणेश तिवारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहीं.
उन्होंने कहा, ‘जैसे ही रविवार देर रात गौरव के ‘बिग बॉस 19′ के ग्रैंड फिनाले के विजेता के रूप में घोषणा हुई तो सभी छात्रों व शिक्षकों के बीच खुशी की लहर दौड़ पड़ी. वाट्सएप के स्कूल ग्रुप व पूर्व छात्रों के ग्रुप में बधाई संदेशों का दौर जारी रहा. वहीं, सोमवार को जब सभी स्कूल आए तो हम सबने एक साथ गौरव को अपनी ओर से बधाई भेजी.’ प्रधानाचार्य गणेश तिवारी ने कहा, ‘गौरव के अभिनय समेत अन्य हुनर को देखते गुए स्कूल की ओर से उन्हें 50 मोस्ट आउटस्टैंडिंग एल्युमिनाई में शामिल किया गया है.’
आठवीं कक्षा में गौरव खन्ना को गणित व भौतिकी के गुर सीखाने वाले सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल के शिक्षक एमके मिश्रा कहते हैं, ‘गौरव ने स्कूल के ग्रुप नर्मदा हाउस की कप्तानी संभाली. गौरव का स्वभाव हमेशा विनम्र रहा. हां, उनकी बोली शुरू से ही दमदार रही. हमें भरोसा था, गौरव एक दिन कानपुर, स्कूल के साथ-साथ देश का नाम रोशन करेगा.’
कानपुर के सिविल लाइंस निवासी गौरव खन्ना के बिग बॉस जीतते ही कानपुर में रविवार देर रात सिविल लाइंस निवासी पड़ोसियों ने जश्न मनाया. गौरव को सभी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से बधाई भी भेजी. साथ ही सभी ने कहा, कानपुर व गौरव पर गर्व है.
