मुंबई, 07/12/2025
म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल और भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने आधिकारिक तौर पर अपनी शादी तोड़ दी है. यह फैसला मुच्छल पर चीटिंग के आरोपों की खबरों के बाद आया है, जब मैरी डी’कोस्टा के साथ उनकी फ्लर्टी चैट वायरल हो गई थी. दोनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने अपने रिश्ते पर ब्रेक लगाने का फैसला सुनाया है.
पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना अपनी शादी पोस्टपोन करने के बाद से ही सुर्खियों में हैं, खासकर मैरी डी’कोस्टा नाम की लड़की के साथ पलाश की चैट वायरल होने के बाद से, जिसमें वह स्मृति के साथ होने के बावजूद फ्लर्टिंग मैसेज करते हुए दिखाई दे रहे हैं. इस घटना के कुछ दिनों के बाद रविवार, 7 दिसंबर को पलाश और स्मृति ने पुष्टि की कि शादी आधिकारिक तौर पर रद्द कर दी गई है.
रविवार दोपहर को स्मृति ने अपने स्टाग्राम स्टोरी पर अपनी शादी को लेकर एक स्टेटमेंट जारी किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है, ‘पिछले कुछ हफ्तों से मेरी जिंदगी के बारे में बहुत सारी अटकलें लगाई जा रही हैं और मुझे लगता है कि इस समय मेरे लिए बोलना जरूरी है. मैं बहुत प्राइवेट पर्सन हूं और मैं ऐसा ही रहना चाहती हूं, लेकिन मुझे यह साफ करना है कि शादी कैंसिल हो गई है.
क्रिकेटर ने सभी से आग्रह करते हुए आगे लिखा है, मैं इस मामले को यहीं खत्म करना चाहती हूं और आप सभी से भी यही करने की गुजारिश करती हूं. मैं आपसे रिक्वेस्ट करती हूं कि प्लीज इस समय दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करें और हमें अपनी तरीके से इस बात को समझने और आगे बढ़ने का मौका दें.
स्मृति ने आखिरी में लिखा है, मेरा मानना है कि हम सभी को कोई बड़ा मकसद चला रहा है और मेरे लिए वह हमेशा अपने देश को सबसे ऊंचे लेवल पर रिप्रेजेंट करना रहा है. मुझे उम्मीद है कि मैं जितना हो सके भारत के लिए खेलती रहूंगी और ट्रॉफियां जीतती रहूंगी और मेरा फोकस हमेशा इसी पर रहेगा. आपके सभी सपोर्ट के लिए धन्यवाद. अब आगे बढ़ने का समय है.
स्मृति के इस पोस्ट के बाद तुरंत पलाश ने भी अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपना बयान जारी किया. उन अफवाहों पर बात करते हुए कि शादी इसलिए टाल दी गई क्योंकि शादी से पहले की रस्मों के दौरान पलाश ने स्मृति को धोखा दिया था उन्होंने कहा, ‘मुझे सच में उम्मीद है कि हम, एक समाज के तौर पर, बिना वेरिफाई की गई गॉसिप के आधार पर किसी को जज करने से पहले रुकना सीखेंगे, जिनके सोर्स का कभी पता नहीं चलता. हमारे शब्द इस तरह से चोट पहुंचा सकते हैं जिसे हम शायद कभी समझ न पाएं. जब हम इन बातों के बारे में सोचते हैं, तो दुनिया में बहुत से लोग गंभीर नतीजों का सामना कर रहे होते हैं.
शादी टूटने की वजह से पलाश ने उन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी है. साथ ही सपोर्ट करने वालों को धन्यवाद दिया है. उन्होंने पोस्ट में लिखा है, ‘मेरी टीम झूठी और मानहानिकारक बातें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी. इस मुश्किल समय में दयालुता के साथ मेरा साथ देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद.
इस दौरान फैंस ने यह नोटिस किया कि स्मृति और पलाश ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है, जिससे उनका रिश्ता खत्म होने की पुष्टि हो गई है. स्मृति ने पहले ही अपनी सभी तस्वीरें और शादी से जुड़ा कंटेंट हटा दिया था, जबकि पलाश के पास अभी भी उनके साथ की तस्वीरें हैं.
