नई दिल्ली, 1903/2026
ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गैबार्ड ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका के लिए सबसे बड़ा खतरा पाकिस्तान है.
तुलसी गैबार्ड ने बुधवार को पाकिस्तान को संयुक्त राज्य अमेरिका के सामने मौजूद सबसे बड़े परमाणु खतरों में से एक बताया. समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, उन्होंने कहा कि रूस, चीन, उत्तर कोरिया और पाकिस्तान वर्तमान में अमेरिका के लिए सबसे महत्वपूर्ण परमाणु जोखिम पैदा करते हैं.
इंटेलिजेंस चीफ तुलसी गैबार्ड के मुताबिक, ईरान, चीन, रूस, उत्तर कोरिया और पाकिस्तान पारंपरिक प्रणालियों के साथ-साथ कई नए और उन्नत मिसाइल सिस्टम पर काम कर रहे हैं. इन क्षमताओं के कारण अमेरिका का होमलैंड अब इन देशों की मारक क्षमता के दायरे में आ चुका है. उन्होंने कहा कि अब अमेरिका को इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है.
उनका यह बयान बहुत महत्वपूर्ण है. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि परमाणु संपन्न पाकिस्तान, अमेरिका के लिए खतरा बन सकता है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, चीन और उत्तर कोरिया का त्रिपक्षीय तालमेल अमेरिका के लिए ठीक नहीं है और आगे जाकर यह रणनीतिक रूप से बड़ी समस्या पैदा कर सकता है. तुलसी ने कहा कि खुफिया विभाग लगातार इस पर निगरानी बनाए हुए है.
पिछले साल नवंबर में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि पाकिस्तान उन देशों में शामिल है, जो सक्रिय रूप से परमाणु हथियारों का परीक्षण कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया था कि रूस, चीन, उत्तर कोरिया और पाकिस्तान परमाणु परीक्षण कर रहे हैं.
