नई दिल्ली, 18/12/2025
दिल्ली सरकार ने प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए एक अहम फैसला लिया है. सरकार के आदेश के अनुसार 18 तारीख से राजधानी दिल्ली में बिना वैध पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट वाले किसी भी वाहन को पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जाएगा. यह नियम टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर और फोर-व्हीलर सभी वाहनों पर समान रूप से लागू होगा. इस फैसले के एक दिन पहले यानी 17 तारीख को दिल्ली के पेट्रोल पंपों और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट सेंटरों पर खासा असर देखने को मिला.
पॉल्यूशन सर्टिफिकेट बनवाने वालों की लंबी कतारें नजर आईं
17 तारीख को दिल्ली के कई पेट्रोल पंपों के आसपास पॉल्यूशन सर्टिफिकेट बनवाने वालों की लंबी कतारें नजर आईं. पॉल्यूशन सर्टिफिकेट बनवाने आए श्रीकृष्ण ने बताया कि उनका PUC सर्टिफिकेट समाप्त हो चुका था. उन्होंने समाचार माध्यमों से सुना कि 18 तारीख से बिना सर्टिफिकेट पेट्रोल नहीं मिलेगा, इसलिए वे समय रहते सर्टिफिकेट बनवाने पहुंचे. वहीं राधेश्याम गर्ग ने बताया कि उनका पॉल्यूशन सर्टिफिकेट 17 तारीख को ही समाप्त हो रहा था. उन्होंने कहा कि वे एक जागरूक नागरिक हैं और नियमों का पालन करना अपना कर्तव्य मानते हैं. उन्हें मीडिया के जरिए इस नए नियम की जानकारी मिली और वे उसी के अनुसार सर्टिफिकेट बनवाने आए.
दिल्ली के पेट्रोल पंपों पर मची अफरा-तफरी
पॉल्यूशन सर्टिफिकेट बनवाने पहुंचे सुमित ने कहा कि मात्र ₹100 में एक साल के लिए पॉल्यूशन सर्टिफिकेट बन जाता है, जिससे सालभर की टेंशन खत्म हो जाती है. उन्होंने सुझाव दिया कि लोगों में डर पैदा करने के लिए जुर्माने की राशि ₹10,000 से बढ़ाकर ₹20,000 कर देनी चाहिए, ताकि लोग नियमों का और सख्ती से पालन करें. वहीं गुरदीप सिंह ने सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए यह कदम जरूरी है. उनका मानना है कि सरकार नियम बनाती है, लेकिन उन्हें लागू करने की जिम्मेदारी आम जनता की भी है. अगर लोग खुद नियमों का पालन करेंगे तो ऐसे फैसले और प्रभावी साबित होंगे.
पॉल्यूशन सेंटरों पर अचानक भीड़ बढ़ गई
पॉल्यूशन सर्टिफिकेट बनाने वाले कर्मचारी अंश सचदेवा ने बताया कि सरकार की घोषणा के बाद पॉल्यूशन सेंटरों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है. आम दिनों में वे रोज करीब 50 सर्टिफिकेट बनाते थे, लेकिन 17 तारीख को कुछ ही घंटों में 50 सर्टिफिकेट बन चुके थे और यह संख्या 80 से 90 तक पहुंच सकती है. उन्होंने बताया कि सर्वर पर ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण गति मध्यम है, लेकिन काम सुचारु रूप से चल रहा है.
अधिकारियों से स्पष्ट निर्देश मिल चुके हैं: पेट्रोल पंप मालिक
वहीं विवेक विहार स्थित हिंदुस्तान पेट्रोल पंप के जनरल मैनेजर संजय कुमार ने बताया कि उन्हें अधिकारियों से स्पष्ट निर्देश मिल चुके हैं. 18 तारीख से बिना पॉल्यूशन सर्टिफिकेट किसी भी वाहन को पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप प्रबंधन दिल्ली सरकार के इस फैसले में पूरा सहयोग करेगा और यदि सरकार की ओर से कोई कर्मचारी तैनात किया जाता है तो उसे भी पूरा समर्थन दिया जाएगा.
