Dr Balbir Singh
चंडीगढ़, 05/11/2026
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने दोआबा क्षेत्र को दिवाली का तोहफा देते हुए शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) में मेडिकल कॉलेज और टीचिंग अस्पताल स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए सरकार ने लेटर ऑफ इंटेंट जारी कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने गुरुवार को पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी।
इस मौके पर विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव कुमार राहुल भी मौजूद रहे।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि करीब 160 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत पूरा किया जाएगा। इसके तहत नवांशहर के मौजूदा 150 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल को अपग्रेड कर 220 बिस्तरों वाला मेडिकल टीचिंग अस्पताल बनाया जाएगा।
परियोजना में 30 बिस्तरों का सुपर स्पेशियलिटी कार्डियक केयर यूनिट भी स्थापित होगा। यहां एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके लिए कैथ लैब भी बनाई जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, मेडिकल कॉलेज में हर साल MBBS की 50 सीटें होंगी। इनमें से 50 प्रतिशत सीटें पंजाब सरकार के कोटे के तहत आरक्षित रहेंगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की इमारत का निर्माण अगले महीने शुरू होने की उम्मीद है और इसे डेढ़ साल में चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
इससे नवांशहर, बलाचौर, रोपड़, गढ़शंकर, बंगा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को फायदा होगा। खासकर दिल के मरीजों को अब इलाज के लिए चंडीगढ़, जालंधर और लुधियाना नहीं जाना पड़ेगा।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि अस्पताल में ओपीडी पर्ची की फीस 10 रुपये ही रहेगी। पात्र मरीजों को मुख्यमंत्री सेहत योजना और आयुष्मान भारत योजना के तहत कैशलेस इलाज मिलेगा। जरूरी दवाइयां मुफ्त दी जाएंगी, जबकि सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांच रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी।
