चंडीगढ़, 26/02/2026
सिटी ब्यूटीफुल के नाम से मशहूर चंडीगढ़ शहर में 1 मार्च को एक बड़ी मैराथन का आयोजन होने जा रहा है. खास बात यह है कि इस मैराथन में कुल इनाम की राशि एक करोड़ रुपये तक रखी गई है. आयोजन को लेकर शहर में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है.
इन कैटेगरी में दौड़ होगी
इस मैराथन में चार अलग-अलग कैटेगरी होंगी जिसमें 42 किलोमीटर, 21 किलोमीटर, 11 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ें आयोजित की जाएंगी. 42 किलोमीटर की दौड़ प्रोफेशनल धावकों के लिए होगी, जबकि 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में भी बड़ी संख्या में रनर्स हिस्सा लेंगे. 11 और 5 किलोमीटर की दौड़ में आम लोग, युवा और फिटनेस के शौकीन भी भाग ले सकेंगे.
फुल मैराथन के विजेताओं को सबसे बड़ा कैश प्राइज
रूट को लेकर आयोजकों ने बताया है मैराथन दौड़ शहर के प्रमुख रास्तों से होकर गुजरेगी. शुरुआत स्थल और समापन स्थल एक ही मुख्य स्थान पर होंगे. इनाम की बात करें तो फुल मैराथन के विजेताओं को सबसे बड़ा कैश प्राइज 1 करोड़ रुपए दिया जाएगा. बाकी कैटेगरी में भी आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं. अलग-अलग आयु वर्ग के लिए भी पुरस्कार की व्यवस्था की गई है.
मैराथन में कई बड़े चेहरे होंगे शामिल
आयोजन में शहर के कई प्रमुख चेहरे शामिल हो सकते हैं. खेल जगत से जुड़े लोग, प्रशासनिक अधिकारी और कुछ जाने-माने मेहमान भी मौजूद रहेंगे. नामों की आधिकारिक घोषणा जल्द होने की संभावना है. आयोजकों का कहना है कि मकसद सिर्फ इनाम नहीं, बल्कि लोगों को फिटनेस के लिए प्रेरित करना भी है. उम्मीद है कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग हिस्सा लेंगे और ये शहर का एक बड़ा स्पोर्ट्स इवेंट साबित होगा.
सुबह 3 से 11 बजे तक ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
चंडीगढ़ में 1 मार्च 2026 को होने वाली इंटरनेशनल मैराथन के चलते शहर में खास ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है. सुबह 3 बजे से 11 बजे तक कई मुख्य सड़कों पर यातायात आंशिक रूप से बंद या डायवर्ट रहेगा. चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वे घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी जरूर ले लें.
किन इलाकों में रहेगा असर
एडवाइजरी के मुताबिक केंबवाला और कांन्सल की तरफ से सुखना लेक की ओर आने वाले रास्ते बंद रहेंगे. चंडीगढ़ क्लब चौक से लेकर पॉलिटेक्निक लाइट्स, न्यू बैरिकेड चौक से ओल्ड बैरिकेड चौक और सेक्टर 4, 5 व एमएलए हॉस्टल गेट की ओर जाने वाले मार्गों पर भी ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. पंजाब सिविल सचिवालय की ओर से चंडीगढ़ क्लब और सेक्टर 27/28 लाइट प्वाइंट से ट्रिब्यून चौक तक की आवाजाही पर भी असर पड़ेगा.
वैकल्पिक मार्ग और खास इंतजाम
ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट से पीजीआई की ओर जाने वाले मार्ग पर एक लेन मैराथन धावकों के लिए आरक्षित रहेगी, जबकि दूसरी लेन से नियंत्रित दो-तरफा ट्रैफिक चलाया जाएगा. कैंबवाला और कांंसल की ओर से आने वाले वाहन नयागांव-पीजीआई गेट नंबर 3 से शहर में प्रवेश कर सकेंगे. सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट जाने वाले लोग मनीमाजरा लाइट प्वाइंट और ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट वाला रूट इस्तेमाल करें.
पार्किंग को लेकर भी पाबंदी
चंडीगढ़ वॉर मेमोरियल और लेक क्लब की पार्किंग में आम वाहनों को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी. मैराथन प्रतिभागियों को पीजीआई गेट नंबर 3, गेट नंबर 2 (न्यू ओपीडी गेट) और पीयूसी की पार्किंग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि तय रूट और डायवर्जन का पालन करें ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके और किसी को परेशानी न हो.
