लुधियाना 15 मार्च 2024
नागरिकता संशोधन एक्ट (सीएए) के मुद्दे पर जोरदार पलटवार करते हुए पंजाब भाजपा के महासचिव अनिल सरीन ने कहा कि यह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ही हैं जिन्होंने खुद अपने चुनावी फायदे के लिए रोहिंग्याओं को दिल्ली में शरण दी और सरकारी जमीन हड़पने की इजाजत दी। सीएए पर गलत बयानबाजी करने से पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने कभी बांग्लादेश से आए घुसपैठियों या रोहिंग्याओं के खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोला। वह केवल अपने राजनीतिक स्वार्थों को पूरा करने के लिए सीएए का विरोध करके लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
अनिल सरीन ने कहा कि बर्मा से निकाले गए रोहिंग्याओं को दिल्ली में रहने की जगह किसने और क्यूं दी है? केजरीवाल को इसका जवाब जनता के समक्ष देना चाहिए। आप सुप्रीमो के दोहरे मापदंड की कड़े शब्दों में घोर निंदा करते हुए अनिल सरीन ने कहा कि सरकारी खजाने को लूटना और ऐसे घुसपैठियों को मुफ्त सुविधाएं देना केजरीवाल की नीति है। यह केजरीवाल हैं जो वोट बैंक की राजनीति का सहारा लेते हैं, भारतीय जनता पार्टी नहीं।
रेवड़ी संस्कृति के जरिए वोट हासिल करना आम आदमी पार्टी (आप) की नीति है। आम आदमी पार्टी ने राज्यों का मुफ्तखोरी में बहाकर ही सत्ता हासिल की है।
अनिल सरीन ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा मुफ्त संस्कृति पर फली-फूली है। चाहे दिल्ली हो या पंजाब हो। आम आदमी पार्टी किसानों और उद्योग के मुद्दे पर बोलने तथा उस संबंधी किसी भी नीति को बनाने में पूरी तरह विफल रही है। अनिल सरीन ने कहा कि अब चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी उद्योग जगत को कम दाम पर बिजली देने का वादा कर रही है। लेकिन जनता इनकी सच्चाई जान चुकी है और इस बार इन्हें चुनावों में सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।