शिमला, 13/12/2025
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार देर रात अचानक उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के आवास पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री की इकलौती बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री के विवाह की बधाई व शुभकामनाएं दीं. हालांकि भाजपा इस मुलाकात को नड्डा का उपमुख्यमंत्री के घर पहुंचना सौहार्द्र और सद्भाव बता रही है. मुलाकात के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने अपने राजनीतिक एवं निजी अनुभवों को साझा किया और पुराने दिनों की यादों को भी ताज़ा किया.
अग्निहोत्री ने विपक्ष पर कम बल्कि अपनी सरकार और अफसरों को मंच से घेर लिया
इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी साथ थे, अब इस मुलाकात के सियासी मयाने भी निकाले जा रहे हैं. मुकेश अग्निहोत्री लंबे समय से अपनी ही सरकार से नाराज नजर आ रहे हैं. चंद महीने पहले ही उन्होंने इस तरह के कई सोशल मीडिया पोस्ट किए थे. पिछले साल सरकार के दो साल पूरा होने का जश्न बिलासपुर में मनाया गया था, उस दौरान अग्निहोत्री ने विपक्ष पर खूब निशाना साधा था, लेकिन इस बार 3 साल पूरे होने पर मंडी में आयोजित किए गए कार्यक्रम में अग्निहोत्री ने विपक्ष पर कम बल्कि अपनी सरकार और अफसरों को मंच से घेर लिया. मंच से उन्होंने कई बार अपनी नाराजगी जाहिर की थी और अपनी ही सरकार पर सवालिया निशान खड़े किए थे. खासकर अधिकारियों पर उन्होंने अपनी भड़ास निकाली थी और अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी.
डॉ जेपी नड्डा ने डॉ. आस्था अग्निहोत्री एवं सचिन शर्मा के विवाह पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी
मुकेश अग्निहोत्री ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शिमला स्थित हमारे आवास पर पहुंचकर डॉ. आस्था अग्निहोत्री एवं सचिन शर्मा के विवाह पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी. नड्डा ने दिवंगत प्रोफ़ेसर सिम्मी अग्निहोत्री को भी याद किया. इस मुलाकात के दौरान डिप्टी सीएम और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर एक दूसरे साथ एक ही सोफा पर बैठे हुए नजर आए. इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच तल्खियां कम होती नजर आई.
नड्डा और मुकेश अग्निहोत्री के बीच मुलाकात हिमाचल की सियासत में चर्चा का विषय
अब जेपी नड्डा और मुकेश अग्निहोत्री के बीच हुई ये अचानक मुलाकात हिमाचल की सियासत में चर्चा का विषय बन गई है. लोग कई तरह की अटकलें अब इस पर लगा रहे हैं. सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें इस पर लिखी जा रही हैं. लोग अब मुलाकात को सियासी चश्मे से भी देख रहे हैं. क्या मुकेश अग्निहोत्री अपनी ही पार्टी के लोगों और सरकार से खुश नहीं हैं? मंडी में अपनी ही सरकार को घेर लेना और उनके ही जिले के एक नेता का उनके खिलाफ खुलेआम मीडिया में बयानबाजी करना इन सियासी घटनाओं से कई सवाल खड़े होते हैं.
