रेवाड़ी, 11/12/2025
कांग्रेस नेता बीरेंद्र सिंह ने जननायक जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “जेजेपी की नीयत जनता की सेवा करने की नहीं, बल्कि पैसा कमाने की थी. जेजेपी ने सत्ता में रहते हुए खूब पैसे कमाए. अब जो भी घोटाले निकलकर सामने आ रहे हैं, उनमें जेजेपी का हाथ रहा है. प्रदेश की जनता अब कभी जेजेपी को माफ नहीं करेगी. जेजेपी के लोग कहते थे कि हमें मौका मिलेगा तो हम भाजपा को जमुना पार भेज देंगे, फिर उन्हीं की गोद में जाकर बैठ गए.”
बीरेंद्र सिंह ने बताया कांग्रेस की हार का कारण
दरअसल, चौधरी बीरेंद्र सिंह बुधवार की शाम रेवाड़ी के मॉडल टाउन स्थित पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के निवास पर पहुंचे थे. चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि जो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं में एकता नहीं होने की बात कह रहे हैं, उसमें तथ्य है. 11 वर्ष बाद कांग्रेस का संगठन बना. अगर प्रदेश में संगठन होता, तो कांग्रेस जीत कर भी हारती नहीं. नेताओं में टिकट मिलने की की अभिलाषा थी. जिन नेताओं को विरोध करने का मौका मिला. उन्होंने विरोध किया. निर्दलीय खड़ा होने का मौका मिला, तो उसमें भी नहीं चूके.
दिल्ली में कांग्रेस की रैली
इस दौरान चौधरी बीरेंद्र सिंह व पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली का न्योता कार्यकर्ताओं को दिया. इस मौके पर पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि ये रैली देश के लोकतंत्र को बचाने की निर्णायक लड़ाई का प्रतीक है, क्योंकि भाजपा की वोट-चोरी अब किसी से छिपी नहीं है. देश के 12 राज्यों में एसआईआर के नाम पर भाजपा द्वारा की जा रही अनियमितताएं जनता के सामने स्पष्ट हो चुकी हैं और इसी अन्याय के विरुद्ध यह रैली एक बड़ा जन आंदोलन बनेगी.
