तेहरान, 18/03/2026
ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले आज का आज 19वां दिन है. अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान के खिलाफ हमले अभी भी जारी है. वहीं ईरान की ओर से भी इजराइल और खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है. इस बीच बड़ी खबर है कि ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारिजानी और बासिज कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी की इन हमलों में मौत हो गई. आईआरजीसी ने लारीजानी के मारे जाने की पुष्टि पर प्रतिक्रिया देते कहा कि निश्चित रूप से इस महान शहीद और अन्य शहीदों के रक्तपात को ईरान नहीं भूलेगा. इजराइली नेतृत्व ने इसे ईरान के लिए एक बड़ा झटका बताया. इस बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आगे कहा कि इजराइल ईरानी क्षेत्र के काफी अंदर हवाई ऑपरेशन कर रहा है, जिसका उद्देश्य वहां की सरकार को कमजोर करना और क्षेत्र में जारी संघर्ष के बीच आंतरिक बदलाव के लिए परिस्थितियां बनाना है.
अमेरिका ने ईरान के समुद्र तट पर 5000 पाउंड के बम गिराये
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ट्वीट किया, ‘कुछ घंटे पहले अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के समुद्र तट पर स्थित ईरान की मजबूत मिसाइल साइटों पर 5000 पाउंड के कई ‘डीप पेनिट्रेटर’ बमों का सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया. इन साइटों पर मौजूद ईरान की जहाज-रोधी क्रूज मिसाइलों से जलडमरूमध्य में होने वाली अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही को खतरा था.’
ईरान ने राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख लारिजानि की मौत की पुष्टि की
ईरान ने मंगलवार को अपने शक्तिशाली राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख लारिजानि की मौत की पुष्टि की. इसके बाद इजराइल ने कहा कि वह एक हवाई हमले में मारे गये. इजराइल ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को ढूंढ निकालने और उन्हें मारने का संकल्प लिया.
बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला
एक सुरक्षा सूत्र ने एएफपी को बताया कि बुधवार तड़के बगदाद में अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया गया. उसने आगे कहा कि एक ड्रोन ने सीधे दूतावास पर हमला किया, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि इससे कोई नुकसान हुआ है या नहीं.
