चेन्नई, 12/01/2026
मुंबई में होने वाले बीएमसी चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे पर तीखा वार किया है. उन्होंने राज ठाकरे को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि वह मुंबई आ रहे हैं, और ठाकरे उन्हें रोककर दिखाएं.
“अगर मैं मुंबई आता हूं, तो वे मेरा पैर काट देंगे, ऐसा उन्होंने लिखा है, मैं मुंबई जाऊंगा, वे मेरे पैर काटने की कोशिश तो करें,” ये जवाब दिया है तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई ने. उन्होंने कहा, “आदित्य ठाकरे और राज ठाकरे कौन हैं ? तीन ठाकरे मीटिंग कर रहे हैं और मेरी बेइज्जती कर रहे हैं. वे वहां से मुझे धमकी दे रहे हैं. मुझे नहीं पता कि मैं उस लेवल तक पहुंचा हूं या नहीं. उन्होंने लिखा है कि अगर मैं मुंबई आया तो वे मेरा पैर काट देंगे. मैं मुंबई आऊंगा, मेरा पैर काटकर दिखाओ. अगर मैं इन धमकियों और डराने-धमकाने से डरता, तो मैं अपने होमटाउन में ही रहता.”
दरअसल, राज ठाकरे ने अन्नामलाई द्वारा मुंबई में चुनाव प्रचार करने पर तीखी टिप्पणी की थी. राज ठाकरे ने अन्नामलाई पर व्यंग्य करते हुए उन्हें “रसमलाई” तक कह डाला था. अन्नामलाई ने कहा था कि मुंबई महाराष्ट्र का नहीं, बल्कि एक “अंतरराष्ट्रीय शहर” है. इस पर राज ठाकरे ने कहा कि हमलोगों ने 1960 और 1970 के दशक में जो नारे दिए थे, “हटाओ लुंगी, बजाओ पुंगी”, क्या फिर से उसे दोहराना होगा. राज ठाकरे ने कहा कि तुम्हारा यहां से क्या लेना-देना है? हटाओ लुंगी, बजाओ पुंगी.
अन्नामलाई ने कहा, “अगर मैं कहूं कि कामराज भारत के सबसे महान नेताओं में से एक हैं, तो क्या इसका मतलब यह है कि वह अब तमिल नहीं रहे? अगर मैं कहता हूं कि मुंबई एक विश्व स्तरीय शहर है, तो क्या इसका मतलब यह है कि महाराष्ट्र के लोगों ने इसे नहीं बनाया? ये लोग नासमझ हैं.”
अन्नामलाई पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा, “अन्नामलाई बीजेपी में लगभग जीरो हैं. वह अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए और अपनी सीट हार गए, और ऐसे दिखावा करते हैं जैसे वही अगले प्रधानमंत्री हों. तमिलनाडु और महाराष्ट्र दो बहुत अलग-अलग इलाके हैं. क्या अन्नामलाई आकर हमें बताएंगे कि मुंबई क्या है? अन्नामलाई और बीजेपी ने महाराष्ट्र का अपमान किया है, और लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे.”
राजठाकरे पर राजनीतिक प्रहार करने के बाद अन्नामलाई ने डीएमके और कांग्रेस पर भी निशाना साथा. उन्होंने कहा, “जिस तरह पराशक्ति फिल्म ने तमिलनाडु के लोगों के साथ कांग्रेस पार्टी के धोखे को उजागर किया है. इतने सालों बाद कांग्रेस द्वारा किए गए अत्याचारों को बहुत शानदार तरीके से दिखाया गया है. जैसे ईलम (श्रीलंकाई तमिल) नरसंहार के बाद कांग्रेस पार्टी को बाहर निकाल दिया गया था, वैसे ही इस बार कांग्रेस के साथ गठबंधन करने वाले भी हारेंगे. ‘पराशक्ति’ फिल्म खुद डीएमके को हरा देगी. आग सबसे पहले उनके अपने घर में लगेगी.”
सीबीआई के सामने विजय के पेश होने से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा, “विजय सीबीआई जांच के लिए गए हैं. सिर्फ समन जारी होने से कोई अपराधी नहीं बन जाता. वह समन के मुताबिक पेश हो रहे हैं. मैं इस पर कोई कमेंट नहीं करना चाहता.”
जनानायगन” फिल्म के मुद्दे पर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “मैं भी उन फैंस में से एक हूं जो फिल्म का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं. फिल्म देखे बिना मैं कैसे कह सकता हूॆ कि यह सही है या गलत?” आने वाले विधानसभा चुनावों के बारे में एक सवाल के जवाब में अन्नामलाई ने कहा, “हर सरकार की कुछ न कुछ खूबियां और कमियां होती हैं. इस सरकार में कमियां ज्यादा और खूबियां कम हैं. आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता ही मालिक है. जनता ही इस सरकार को उसका रिपोर्ट कार्ड देगी. कई संगठन भ्रष्टाचार के बारे में बात कर रहे हैं. इसका असर आम लोगों पर भी पड़ता है.”
उन्होंने कहा, “तमिलनाडु का विधानसभा चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है. बहुत समय बाद तमिलनाडु में मल्टीकॉर्नर फाइट देखने को मिलेगा. किसी को भी कम नहीं समझना चाहिए. एक आदमी अपने सिद्धांतों के लिए अकेले मजबूती से खड़ा है. संसदीय चुनावों में साढ़े आठ प्रतिशत वोट मिले. विजय भी जोर-शोर से मैदान में उतर गए हैं. जहां तक नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस की बात है, हमारे पास अनुभव, ताकत और मोदी का आशीर्वाद है. हमें इंतज़ार करना होगा और देखना होगा कि कौन गठबंधन में शामिल होगा और कौन छोड़ेगा. अभी समय है. यह सही है कि जिनके विचार एक जैसे हैं और जो डीएमके को हराना चाहते हैं, उन्हें एक ही गठबंधन में एकजुट होना चाहिए. हालांकि, लोग नीतियां भी देखते हैं. अगर बिल्कुल अलग-अलग नीतियों वाले लोग एक साथ आते हैं, तो यह ऐसा होगा जैसे किसी से शाकाहारी और मांसाहारी बिरयानी एक साथ खाने के लिए कहना.”
