शिमला, 31/12/2025
हिमाचल में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. पश्चिमी विक्षोभ ने प्रदेश में दस्तक दे दी है और इसके असर से आज और कल दो दिनों तक मौसम पूरी तरह से अपने मनमोहक रंग दिखाने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से प्रदेश के मैदानी इलाकों में बारिश देखने को मिलेगी. वहीं, आज से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू होगा. बर्फ के फाहे गिरते ही पहाड़ सफेद चादर ओढ़ लेंगे. जिससे जनजातीय और ऊपरी इलाकों का नजारा खूबसूरत नजर आएगा.
ड्राई स्पेल से मिलेगी मुक्ति!
लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसे क्षेत्रों में मौसम का यह बदला मिजाज ठंड बढ़ाने के साथ-साथ सैलानियों के लिए खास आकर्षण बनेगा. वहीं, कुल्लू, कांगड़ा, शिमला, मंडी और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का बदलने वाला मिजाज भी बारिश और बर्फबारी के रूप में किसानों और बागवानों के लिए राहत लेकर आएगा. प्रदेश में बादलों की गड़गड़ाहट, बारिश की रिमझिम और कहीं पर बर्फ की सफेदी से ढके पहाड़ 81 दिन से चले आ रहे ड्राई स्पेल को खत्म कर सुकून देंगे. कुल मिलाकर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल में आज और कल मौसम का पूरा जलवा देखने को मिलेगा.
बारिश में भीगेंगे मैदान, बर्फ से सफेद होंगे पहाड़
प्रदेश में आज और कल पश्चिमी विक्षोभ अधिक सक्रिय दिखेगा. खासकर आज दोपहर बाद से मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. जिससे आज लाहौल स्पीति और किन्नौर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. इसी तरह से चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. शिमला में भी एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसी तरह से 1 जनवरी को लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. शिमला में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. प्रदेश में 2 जनवरी को लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर में मौसम साफ रहेगा
30 दिनों में हुई 0.2 मिलीमीटर बारिश
हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से ड्राई स्पेल जारी है. 1 दिसंबर से 30 दिसंबर तक मात्र 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई है. वहीं, इस दौरान प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा 36.2 मिलीमीटर बारिश का है. इस तरह से प्रदेश में दिसंबर महीने में अभी तक सामान्य से 99 फीसदी कम दर्ज की गई है. जिसका सबसे ज्यादा नुकसान कृषि और बागवानी को हुआ है.
