पंजी, 07/12/2025
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को कहा कि ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में आग लगने की घटना के बाद चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है. नियमों का उल्लंघन करके क्लब चलाने की अनुमति देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि क्लब के अंदर “बिजली वाले पटाखे” चलाए गए थे, जिससे आग लगी.


क्लब में आग लगने से 25 लोगों की जान जाने के कुछ घंटों बाद संवाददाताओं से बात करते हुए सावंत ने कहा कि उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव डॉ. वी. कैंडवेलौ और पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार को दोषी सरकारी अधिकारियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. सावंत ने दुखद आग लगने के बाद स्थिति की समीक्षा के लिए राज्य प्रशासन और गृह विभाग के उच्च पदस्थ अधिकारियों के साथ कई बैठकें कीं.
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्लब के चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार प्रबंधक राजीव सिंघानिया और गेट प्रबंधक रियांशु ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस महानिदेशक (DGP) को दिया गया है. उन्होंने कहा कि दोनों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
सरकार ने इस घटना की जांच के लिए दक्षिण गोवा के कलेक्टर, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं के उप निदेशक, और फोरेंसिक प्रयोगशाला के निदेशक की एक समिति भी बनाई है. यह समिति एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंप देगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए उपाय किए हैं कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. उन्होंने कहा कि सभी नाइट क्लबों और आतिथ्य क्षेत्र के अन्य प्रतिष्ठानों को पर्याप्त सुरक्षा सावधानियां बरतने के लिए एक एडवाइजरी जारी की गयी.
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने आग में जान गंवाने वाले पीड़ितों के परिजनों के लिए 5 लाख रुपये प्रत्येक की अनुग्रह राशि (एक्स-ग्रेशिया) की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायलों को 50,000 रुपये प्रत्येक दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि मृतकों के शवों को उनके संबंधित घरों तक पहुंचाने के लिए पुलिस कर्मियों और स्वास्थ्य अधिकारियों की एक टीम गठित की गई है.
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तरी गोवा के आरपोरा में हुई इस अग्नि दुर्घटना में जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.
बता दें कि शनिवार देर रात लगी आग में कम से कम 25 लोगों की जान चली गई. जिनमें से चार की पहचान पर्यटक के रूप में और चौदह अन्य की क्लब स्टाफ सदस्यों के रूप में हुई है. आपातकालीन टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं. घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया, जबकि अधिकारी स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पूरी रात काम करते रहे.
