शिमला, 07/12/2025
साक्षरता दर में देश भर में नाम कमाने वाले राज्य हिमाचल प्रदेश के खाते में एक और उपलब्धि दर्ज हुई है. ये उपलब्धि लोकतंत्र के लिहाज से अत्यंत शुभ कही जाएगी. राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी नंदिता गुप्ता ने बताया कि, फोटोयुक्त मतदाता सूची-2025 के अंतिम प्रकाशन पर हिमाचल का महिला मतदाता लिंग अनुपात और बेहतर हुआ है. पहले ये अनुपात 981 था, जो अब बढ़कर 983 हो गया है.
हिमाचल में महिला मतदाता लिंग अनुपात 983
हिमाचल में कुल 68 विधानसभा क्षेत्र हैं. राज्य में मतदान का औसत भी देश में अन्य राज्यों के मुकाबले अच्छा रहता है. फिलहाल, हिमाचल का महिला मतदाता लिंग अनुपात 981 से बढ़कर 983 हो गया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नंदिता गुप्ता ने बताया कि, चंबा जिला की जनजातीय विधानसभा का महिला मतदाता लिंग अनुपात 930 से बढ़कर 948 हो गया है.
महिला लिंग अनुपात 967 से बढ़कर 968 रिकॉर्ड किया गया
इसी प्रकार कांगड़ा जिला की इंदौरा विधानसभा क्षेत्र का महिला लिंग अनुपात 939 से बढक़र 952 हो गया है. कांगड़ा जिला की ही फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र का महिला लिंग अनुपात 972 से बढ़कर 976 दर्ज किया गया है. कुल्लू जिला की बंजार विधानसभा क्षेत्र का महिला लिंग अनुपात 967 से बढ़कर 968 रिकॉर्ड किया गया है.
मंडी जिला में भी लिंग अनुपात में बेहतर
इसी प्रकार मंडी जिला की करसोग विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाता लिंग अनुपात 972 से बढ़कर 977 हो गया है. मंडी जिला की ही सिराज विधानसभा क्षेत्र, जहां का प्रतिनिधित्व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कर रहे हैं, में यह अनुपात 935 से बढ़कर 939 हो गया है. मंडी जिला की ही द्रंग विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाता लिंग अनुपात 970 से बढ़कर 972 दर्ज किया गया है. ऊना जिला की चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में यह महिला लिंग अनुपात 959 से बढ़कर 961 हो गया है. बिलासपुर जिला की श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाता लिंग अनुपात 962 से बढ़कर 966 हो गया है. इसी तरह सोलन जिला की नालागढ़ विधानसभा का महिला मतदाता लिंग अनुपात 956 से बढ़कर 959 हो गया है. सोलन जिला की दून विधानसभा का महिला मतदाता लिंग अनुपात 922 से बढ़कर 925, कसौली विधानसभा क्षेत्र का अनुपात 949 से बढ़कर 951 दर्ज किया गया है.
हिमाचल की राजनीति में बढ़ रही महिलाओं की सहभागिता
इसके अलावा सिरमौर जिला की शिलाई विधानसभा क्षेत्र का महिला मतदाता लिंग अनुपात 820 से बढ़कर 833 हो गया है. शिमला जिला की शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र में ये अनुपात 934 से बढ़कर 936 रिकॉर्ड किया गया है. शिमला जिला की रामपुर सीट में ये अनुपात 946 से बढ़कर अब 950 है. शिमला जिला के ही रोहड़ू निर्वाचन क्षेत्र में लिंग अनुपात 955 से बढ़कर 967 हो गया है. नंदिता गुप्ता ने बताया कि, इन सभी निर्वाचन क्षेत्रों में महिला मतदाता लिंग अनुपात में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. इससे स्पष्ट है कि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में महिलाओं की राजनीतिक सहभागिता बढ़ रही है.
