महाराष्ट्र, 15/01/2026
महाराष्ट्र में बीएमसी (BMC) समेत 29 नगर निगमों के लिए आज गुरुवार को वोटिंग शुरू हो गई है. जानकारी के मुताबिक मतदान सुबह करीब 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू हुई, जो शाम 5 बजकर 30 मिनट तक चलेगी. सभी की नजरें मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) पर लगी हैं.
मुंबई का मेयर मराठी होगा.
राजनीतिक दलों ने चुनाव से पहले दावा किया कि मुंबई का मेयर मराठी होगा. बता दें, बीएमसी एशिया की सबसे अमीर निकाय मानी जाती है. इसका सालाना बजट करीब 75 हजार करोड़ का है. यही वजह है कि सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के दावें ठोंक रहे हैं. ऐसा माना जाता है कि बीएमसी के 227 वार्ड में जो पार्टी सबसे मजबूत होती है, उसकी पहुंच मिनिस्ट्री तक होती है.
बीएमसी चुनाव 2026 के लिए सभी इंतजाम पूरे
बीएमसी चुनाव 2026 के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं. 29 नगर निगमों की करीब 227 सीटों के लिए 1,700 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. 16 जनवरी को संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर (ROs) की देखरेख में मुंबई भर में 23 तय सेंटरों पर वोटों की गिनती की जाएगी. एक प्रेस रिलीज में, नगर निगम ने कहा कि शहर के 23 डिवीजनल सेंटरों पर ईवीएम (EVM) और दूसरे चुनाव का सामान बांटने के साथ ही बुधवार को वोटिंग की तैयारी पूरी कर ली गई.
वोट करना हर नागरिक का पहला कर्तव्य है: प्रकाश जावड़ेकर
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सीनियर BJP नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि आज महाराष्ट्र में म्युनिसिपल चुनाव हैं, और मैंने सुबह की सैर के दौरान अपना वोट डाला. यह हर नागरिक का पहला कर्तव्य है, और इसलिए, सभी को तुरंत आकर अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट देना चाहिए. फडणवीस और पीएम मोदी की डबल इंजन सरकार के तहत, हम इसी तरह का काम करते हैं.
पोलिंग बूथ पर उमड़ी वोटर्स की भीड़
मुंबई के पाली-चिंबई म्युनिसिपल स्कूल में बने पोलिंग स्टेशन पर BMC चुनाव के लिए वोट डालने के लिए वोटर्स लाइन में लगे हुए हैं.
हर नागरिक को संविधान से मिले अधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए: भैयाजी सुरेश
आरएसएस (RSS) नेता सुरेश भैयाजी जोशी ने कहा कि हर नागरिक को संविधान से मिले अधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए. वे अपनी मर्ज़ी से, जहाँ चाहें वोट डालेंगे, लेकिन जो लोग चुने गए हैं, उनका फ़र्ज है कि वे लोगों की उम्मीदों को पूरा करे.
मुंबई का मेयर एक मराठी मानुष, एक हिंदू होगा: शाइना एनसी
बीएमसी (BMC) चुनाव 2026 पर शिवसेना लीडर शाइना एनसी NC ने कहा कि वोटिंग मां मुंबा देवी और श्री सिद्धिविनायक के आशीर्वाद से शुरू होगी. मैं हर मुंबईकर से वोट डालने की अपील करती हूं क्योंकि यह डेमोक्रेसी की एक खूबी है जो आपको अपने सवाल उठाने की ताकत देती है. उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी हार के बहाने ढूंढ रहा है, ईवीएम (EVM), इलेक्शन कमीशन, ईडी (ED), सीबीआई (CBI) मुंबईकर सिर्फ डेवलपमेंट के लिए वोट करेंगे. मुंबई का मेयर एक मराठी मानुष, एक हिंदू होगा, और जिसका दिल इस शहर के लिए धड़कता है और इसके लिए काम करना चाहता है.
हमें मुंबई का असली हीरो बनना है: अक्षय कुमार
बीएमसी चुनाव 2026 में वोट डालने के बाद, एक्टर अक्षय कुमार ने कहा कि आज BMC के लिए वोटिंग हो रही है. मुंबईकर होने के नाते, आज रिमोट कंट्रोल हमारे पास है. मैं मुंबई के सभी लोगों से रिक्वेस्ट करूंगा कि वे बड़ी संख्या में बाहर आएं और अपना वोट डालें. अगर हमें मुंबई का असली हीरो बनना है, तो हमें डायलॉगबाजी नहीं करनी चाहिए, बल्कि बाहर आकर वोट डालना चाहिए.
