मुंबई, 09/12/2025
गुजरे जमाने के डैशिंग एक्टर विनोद खन्ना के बेटे अक्षय खन्ना ने फिल्म धुरंधर से धांसू कमबैक किया है. हालिया रिलीज फिल्म में वह ल्यारी गैंगवार के सदस्य रहमान डकैत के किरदार में दिख रहे हैं. इस किरदार ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया है. फिल्म धुरंधर से ज्यादा चर्चा उनके रोल की हो रही है. इस रोल में अक्षय खन्ना ने अपनी एक्टिंग से धमाका मचा दिया है. साल 1997 में फिल्म हिमालय पुत्र से डेब्यू करने वाले अक्षय को लंबे समय से ऐसी पॉपुलैरिटी और सक्सेस का इंतजार था. तकरीबन ढाई दशक से फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे अक्षय ने कई फिल्मों में शानदार रोल प्ले किये, लेकिन उन्हें वो शोहरत नहीं मिली, जिसके वो हकदार थे. अब धुरंधर उनके करियर को एक बार फिर ऊंची हवा दे रही है. इस मौके पर बात करेंगे अक्षय खन्ना के उन पांच किरदारों की जिनसे उन्होंने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया.
बॉर्डर (1997) (2nd लेफ्टिनेंट धर्मवीर सिंह भान)
डेब्यू फिल्म हिमालय पुत्र से अक्षय खन्ना को खास पहचान नहीं मिली थी और फिर डेब्यू ईयर में ही वह जेपी दत्ता की वॉर ड्रामा फिल्म बॉर्डर में 2nd लेफ्टिनेंट धर्मवीर सिंह भान के रोल में नजर आए. फिल्म में अक्षय खन्ना ने एक जांबाज फौजी की भूमिका निभाई थी, जो जंग में शहीद हो जाता है. अक्षय खन्ना ने फिल्म में एक्टिंग से दर्शकों की आंख में पानी ला दिया था.
ताल (1999) (मानव मेहता)
बॉर्डर के बाद अक्षय खन्ना ने एक साल के अंदर छह फिल्में (मोहब्बत, भाई भाई, डोली सजा के रखना, कुदरत और आ अब लौट चले) की, लेकिन सभी बॉक्स ऑफिस पर खास असर नहीं छोड़ पाई. साल 1999 में उन्होंने फिल्म ताल में नरम दिल एनआरई मानव मेहता का रोल किया था. इस फिल्म में उनकी हीरोइन मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय बच्चन थी, जिन्होंने मानसी का रोल किया था. इस लव ट्रायंगल फिल्म में अक्षय का रोल बहुत मोड़ लेता है और उन्होंने इस किरदार को बहुत खूबसूरती से प्ले किया था. फिल्म ताल एक हिट फिल्म है और इसके गाने आज सुने जाते हैं.
दिल चाहता है (2001) ) (सिद्धार्थ सिन्हा)
फरहान अख्तर के डायरेक्शन में बनी कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘दिल चाहता है’ तो आपने जरूर देखी होगी. फिल्म में आमिर खान (आकाश मल्होत्रा), सैफ अली खान (समीर मूलचंदानी) और अक्षय खन्ना (सिद्धार्थ सिन्हा) ने तीन जिगरी यार की भूमिका निभाई है. यह एक शानदार और हिट फिल्म है, जिसे दर्शकों और आलोचकों का खूब प्यार मिला था. गोवा पर तीनों दोस्तों की मस्ती दिखी है, लेकिन अक्षय का किरदार इन सबसे अलग है, क्योंकि उन्हें एक अधेड़ उम्र की शराब पीने वाली तलाकशुदा औरत तारा (डिंपल कपाड़िया) से प्यार हो जाता है और वो उसकी बिखरी हुई जिंदगी को समेटता है. इसके चक्कर में सिड और आकाश की लड़ाई भी हो जाती है.
गांधी माई फादर (2007) (हरिलाल गांधी)
फिरोज अब्बाज के निर्देशन में बनी बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म गांधी माई फादर में अक्षय खन्ना का काम देखने लायक है. फिल्म में अक्षय खन्ना ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सबसे बड़े बेटे हरिलाल गांधी का रोल किया था. फिल्म की कहानी महात्मा गांधी और उनके बेटे हरिलाल के बीच अनबन पर आधारित है. महात्मा गांधी चाहते थे कि उनका बेटा देश में रहकर उनके आदर्शों और उद्देश्यों के लिए लड़े, लेकिन वह विदेश जाकर अपने पिता की तरह बैरिस्टर बनना चाहते थे. इस बाप-बेटे की नोकझोक में अक्षय खन्ना ने एक जिद्दी बेटे के किरदार को खुलकर जिया. यह फिल्म अक्षय के फिल्मी करियर की बेहतरीन फिल्मों में से एक है.
छावा (2025) (औरंगजेब)
अक्षय बॉलीवुड में साइड रोल करते-करते धीरे-धीरे छिपते चले गए और मौजूदा साल में जब उन्होंने विक्की कौशल स्टारर फिल्म छावा में मुगल शासक औरंगजेब का रोल किया, तो लोगों को उनकी जबरदस्त एक्टिंग का आभास हुआ. फिल्म में अक्षय खन्ना का औरंगजेब वाला लुक और उनकी एक्टिंग ने दर्शकों के पसीने छुड़ा दिए थे. छावा मौजूदा साल की सबसे कमाऊ हिंदी फिल्म है, जिसका श्रेय विक्की कौशल के साथ-साथ अक्षय खन्ना की दमदार एक्टिंग को भी जाता है.
धुरंधर- (2025) (रहमान डकैत)
आखिर में सरदार अब्दुल रहमान बालोच उर्फ रहमान डकैत (1975-2009) ल्यारी गैंग का एक खूंखार मेंबर था, जिसका रोल अक्षय खन्ना पर बहुत जंच रहा है. रहमान डकैत ने घरेलू झगड़े में 13 साल की उम्र में ही अपनी मां को मौत के घाट उतार डाला था. इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि रहमान डकैत का किरदार कितना खूंखार होगा, जिसमें अक्षय खन्ना ने अपनी अदायगी से जान डाल दी है. सोशल मीडिया पर धुरंधर से ज्यादा रहमान डकैत की ही बात हो रही है. रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल के किरदारों की कोई चर्चा नहीं है.
अक्षय खन्ना की अन्य शानदार फिल्में
भले ही अक्षय खन्ना बतौर एक्टर कुछ खास कमाल नहीं कर पाए, लेकिन फिल्मों में साइड रोल कर वह अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाते रहे. उन्होंने कई फिल्मों में अपने साइड रोल से भी दर्शकों को खुद से दूर नहीं होने दिया. उनके शानदार रोल और एक्टिंग वाली फिल्मों में हलचल, हंगामा, दृश्यम 2, मेरे बाप पहले आप और इत्तेफाक शामिल हैं. अक्षय खन्ना की अपकमिंग फिल्मों में धुरंधर पार्ट 2, महाकाली और दृश्यम 3 शामिल हैं.
