चतरा, 24/02/2026
झारखंड के चतरा जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है. रांची से दिल्ली जा रहा एक एयर एंबुलेंस क्रैश हो गया. बताया जा रहा है कि विमान में पायलट समेत सात लोग सवार थे. यह हादसा चतरा जिले के सिमरिया थाना इलाके के खसियातु करम टांड जंगल में हुआ.
चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने घटना की पुष्टि की और बताया कि विमान क्रैश हो गया है. बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिया गया है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बीचक्राफ्ट (BE9L) विमान VTAJV ने रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के कुछ ही समय बाद उससे संपर्क टूट गया.
WSO कोलकाता के मुताबिक विमान ने रांची से 13:41 UTC (19:11 IST) पर उड़ान भरी थी। 14:04 UTC (19:34 IST) पर अटाली क्षेत्र के पास आखिरी बार संपर्क हुआ. अंतिम संचार UKW VECC (VHF 132.25) फ्रीक्वेंसी पर दर्ज किया गया. इसके बाद विमान ने वाराणसी (VEBN) एयरस्पेस में कोई संपर्क नहीं किया.
बताया जा रहा है कि विमान पलामू और गढ़वा के ऊपर से गुजर रहा था, इसी दौरान उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 14:35 UTC (20:05 IST) पर रेस्क्यू को-ऑर्डिनेशन सेंटर (RCC) को सक्रिय कर दिया गया.
जानकारी के मुताबिक, रडार से गायब हुआ विमान चतरा जिले के सिमरिया थाना इलाके के खसियातु करम टांड जंगल में क्रैश हो गई है. विमान में पायलट के अलावा एक मरीज और उसके परिवार के एक सदस्य, एक डॉक्टर और एक मेल नर्स भी सवार थे.
इस घटना को लेकर रांची के देवकमल हॉस्पिटल के निदेशक और प्रख्यात प्लास्टिक सर्जन डॉ अनंत सिन्हा ने बताया कि चंदवा लातेहार के 41 वर्षीय संजय कुमार को 16 फरवरी को 55 % जले हुए स्थिति में उनके अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मरीज संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए आज सोमवार को उनके परिजन दिल्ली ले जा रहे थे. पुलिस के द्वारा एयर एम्बुलेंस हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी उन्हें पुलिस के माध्यम से मिली है. पुलिस घटना के बाद यह वेरिफिकेशन कर रही थी कि संजय कुमार नाम का मरीज का इलाज देवकमल अस्पताल में चल रहा था और उसका डिटेल लिया गया है.
बता दें कि एयर एंबुलेंस में कुल 7 लोग सवार थे. इनमें एक पायलट, एक को-पायलट, एक नर्सिंग स्टाफ, एक डॉक्टर, एक मरीज और दो अटेंडेंट शामिल थे.
कैप्टेन विवेक विकास भगत, पायलट
कैप्टेन सवराजदीप सिंह, पायलट
संजय कुमार, मरीज
अर्चना देवी, तीमारदार
धीरू कुमार, तीमारदार
डॉ. विकास कुमार गुप्ता, डॉक्टर
सचिन कुमार मिश्रा, पारामेडिक स्टाफ.
