बीकानेर, 07/04/2026
बीकानेर शहर के संवेदनशील सैन्य क्षेत्र के पास एक संदिग्ध गतिविधि का मामला सामने आया है। मिलिट्री इंटेलीजेंस की सतर्कता के चलते करीब 10 फुट लंबी एक गुफा (टनल) का पता लगाया गया, जिससे संभावित सेंधमारी या जासूसी की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह गुफा सैन्य क्षेत्र की परिधि के नजदीक बनाई गई थी, जो अपने आप में गंभीर सुरक्षा प्रश्न खड़े करती है। जब मिलिट्री इंटेलीजेंस की टीम ने मौके पर जांच की, तो वहां से कई संदिग्ध उपकरण बरामद हुए। इनमें कानों में लगाने वाले हेडफोन्स, बिजली के तार और अन्य तकनीकी सामान शामिल हैं, जो किसी सुनियोजित गतिविधि की ओर इशारा करते हैं। इसके साथ ही उस टनल में 23 मार्च के अखबार में लिपटी चार रोटियां भी बरामद हुई है।
सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही हैं कि आखिर यह गुफा किसने बनाई, इसके पीछे क्या उद्देश्य था और क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है। यह भी जांच का विषय है कि सैन्य क्षेत्र के इतने करीब इस तरह की संरचना कैसे तैयार हो गई और क्या इसमें किसी अंदरूनी या बाहरी नेटवर्क की भूमिका रही है।
मिलिट्री इंटेलीजेंस की त्वरित कार्रवाई को सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। समय रहते इस संदिग्ध गुफा का पता लग जाना एक बड़ी संभावित खतरे को टालने जैसा है। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है तथा हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
