जयपुर, 02/12/2025
सीआईडी इंटेलिजेंस, राजस्थान ने पंजाब के फिरोजपुर निवासी प्रकाश उर्फ बादल को साधुवाली सैन्य ठिकाने (श्रीगंगानगर) के पास से पकड़ा था. मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया और इंटेलिजेंस ने 10 दिन की रिमांड मांगी थी. कोर्ट ने उसे 11 दिसंबर तक रिमांड पर सौंपा है. अब उससे गहनता से पूछताछ होगी. इसके साथ ही उससे उन इलाकों की भी तस्दीक करवाई जाएगी, जहां से जुड़ी गोपनीय जानकारी उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी तक पहुंचाई.
सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के नाम से जारी मोबाइल नंबर पाकिस्तानी हैंडलर्स को देता था
स्पेशल पीपी (सीआईडी इंटेलिजेंस) सुदेश सतवान ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि उसने गोपनीय जानकारी के साथ ही सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के नाम से जारी मोबाइल नंबर भी पाकिस्तानी हैंडलर्स को मुहैया करवाता. इन नंबरों से वाट्सएप इंस्टॉल करने के लिए ओटीपी बताता. भारतीय नंबरों से वाट्सएप का उपयोग पाकिस्तानी हैंडलर्स जासूसी और अन्य राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में किया जाता. गोपनीय जानकारी और भारतीय नंबर मुहैया करवाने के बदले आरोपी को धनराशि मिलती थी.
पाकिस्तानी एजेंट्स से मिल रही थी धनराशि
सुदेश सतवान, स्पेशल पीपी, सीआईडी इंटेलिजेंस ने बताया, आरोपी की लंबे समय से सीआईडी इंटेलिजेंस निगरानी कर रही थी. आरोपी को साधुवाली के पास से हिरासत में लिया गया. प्रारंभिक पूछताछ और मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण में आरोपी के मोबाइल में पंजाब, राजस्थान और गुजरात के सैन्य क्षेत्रों की लोकेशन, कॉर्डिनेट्स, संदिग्ध दस्तावेज, सेना के नए प्रोजेक्ट्स की फोटो मिली हैं. उसके खाते में पाकिस्तानी एजेंट्स से डिजिटली रुपए का ट्रांजेक्शन होने की बात भी सामने आई है.
आरोपी की बैंक डिटेल खंगाल रही एजेंसी
उन्होंने बताया कि आरोपी का बैंक में अकाउंट है, जिसकी डिटेल मुहैया करवाने को कहा गया है. आरोपी शातिर जासूस है और उसके खिलाफ पहले भी केस दर्ज हैं, जिनके बारे में रिकॉर्ड मंगवाया जा रहा है. वह पहले भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहा है. पूछताछ में आरोपी ने यह स्वीकार किया है कि वह आईएसआई के एजेंट्स से लगातार संपर्क में था.
