न्यूज डेस्क, 18/05/2026
हरियाणा सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 20 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. गृह विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार कई अहम जिलों और रेंजों में नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है. सबसे चर्चित बदलाव गुरुग्राम पुलिस कमिश्नरेट में हुआ, जहां पंचकूला पुलिस कमिश्नर रहे सिबाश कबिराज को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं, गुरुग्राम के मौजूदा पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा को पुलिस मुख्यालय पंचकूला में एडीजीपी प्रशासन नियुक्त किया गया है.
करनाल और हिसार रेंज में नए आईजी
करनाल रेंज की जिम्मेदारी अब अशोक कुमार संभालेंगे. वे पहले सीआईडी विभाग में आईजी के पद पर तैनात थे. वहीं, डॉ. मट्टा रवि किरण को सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में एडीजीपी बनाया गया है. हिसार रेंज में भी बदलाव करते हुए कुलदीप सिंह को नया आईजी नियुक्त किया गया है. इसके अलावा के.के. राव को RTC भोंडसी भेजा गया है.
दक्षिण रेंज और HAP मधुबन में बदलाव
आईजीपी ओमप्रकाश को दक्षिण रेंज रेवाड़ी की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं, नाजनीन भसीन को HAP मधुबन के साथ RTC भोंडसी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है. प्रशासनिक स्तर पर इन बदलावों को कानून व्यवस्था और पुलिस संचालन को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
एसपी स्तर पर भी हुए अहम तबादले
सरकार ने एसपी स्तर पर भी कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी हैं. सुरिंदर सिंह भोरिया को STF पंचकूला और कमांडो विंग करनाल का अतिरिक्त कार्यभार मिला है. अदिति सिंह को गुरुग्राम में एसपी SV एवं ACB नियुक्त किया गया है. सिद्धार्थ धांडा को स्टेट क्राइम ब्रांच और पूजा डाबला को ERSS पंचकूला की कमान दी गई है.
अपराध शाखा और CID में नई जिम्मेदारियां
राज्य अपराध शाखा और सीआईडी में भी बड़े बदलाव किए गए हैं. राकेश कुमार आर्य को क्राइम ब्रांच का आईजीपी बनाया गया है. सुरिंदर पाल सिंह को डीआईजी CID और हामिद अख्तर को डीआईजी HAP मधुबन नियुक्त किया गया है. इसके अलावा HSNCB से जुड़े अतिरिक्त कार्यभार भी कई अधिकारियों को सौंपे गए हैं. सरकार का मानना है कि इन बदलावों से पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा.
