पश्चिम बंगाल, 29/04/2026
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज वोटिंग हो रही है. 294 सदस्यीय विधानसभा में से आज बाकी 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है. आज जिन हाई-प्रोफाइल सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें भवानीपुर भी है, जहाँ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी से है. वह नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहाँ से वह बीजेपी के मौजूदा विधायक हैं. चुनाव आयोग के अनुसार इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 वोटर हैं. इससे पहले 23 अप्रैल को 152 सीटों पर पहले चरण की वोटिंग हुई. चुनाव आयोग की ओर से राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर व्यापक प्रबंध किए गए हैं. पश्चिम बंगाल स्पेशल इलेक्टोरल रोल ऑब्ज़र्वर सुब्रत गुप्ता के अनुसार दक्षिण बंगाल के आठ जिलों में 41,001 पोलिंग स्टेशनों पर चुनाव है. शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वोटरों की सुरक्षा पक्का करने के लिए सीएपीएफ की लगभग 2,400 कंपनियां तैनात की गई. चुनाव आयोग ने शिकायतों के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन (18003450008) जारी किया है.
वोटिंग के लिए अभी से लगने लगी लाईन
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026, राज्य विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग से पहले दक्षिण 24 परगना के एक पोलिंग स्टेशन पर लोग लाइन में लगने लगे हैं. वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू होगी.
साउथ 24 परगना में एक पोलिंग स्टेशन पर मॉक पोल
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026, साउथ 24 परगना के भांगर में एक पोलिंग स्टेशन पर मॉक पोल चलाया गया. राज्य विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी फेज के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है. वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हो चुकी है.
