चंडीगढ़, 01/04/2026
सेक्टर 37 में बीजेपी दफ्तर के बाहर स्कूटी में धमाके की खबर सामने साई है. बीजेपी नेता विनीत जोशी ने बताया कि “ये शाम 5 बजे के आसपास की बात है. अचानक से बीजेपी ऑफिस के बाहर धमाका हुआ. हम सभी ऑफिस में बैठे हुए थे. बाहर आकर देखा तो, कई वाहनों में छर्रे लगे थे. कई शीशे टूटे हुए थे. पूरे मामले की जानकारी चंडीगढ़ पुलिस को दी गई. मौके पर फिलहाल चंडीगढ़ पुलिस तैनात है और कार्रवाई में जुटी है.”
पंजाब बीजेपी दफ्तर के बाहर धमाका
बीजेपी दफ्तर के बाहर धमाके की सूचना मिलने पर चंडीगढ़ एसएसपी कंवरदीप कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहंची. उन्होंने बताया “पंजाब प्रदेश BJP दफ्तर के बाहर शाम करीब 5 बजे धमाका हुआ. एक एक्टिवा दिखाई दे रही है. पार्टी दफ्तर की दीवार पर करीब 70 से 80 छर्रे लगे जैसे निशान हैं. गाड़ी का शीशा भी टूटा हुआ है. ऐसा लग रहा है कि ब्लास्ट के लिए कोई छोटी क्रूड टाइप चीज का इस्तेमाल हुआ है.”
चंडीगढ़ पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
चंडीगढ़ एसएसपी ने बताया कि “पुलिस की टीम के साथ मौके पर बम निरोधक टीम भी पहुंच गई है. CFSL की टीम यहां पहुंची है. NIA की टीम पहुंच चुकी है. हम जांच कर रहे हैं. कैसे ब्लास्ट हुआ है? इसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. इलाके में सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है. सर्च ऑपरेशन जारी है. किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. चंडीगढ़ पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि कोई सुराग मिल सके.”
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. जिसमें एक शख्स ग्रेनेड नुमा कोई चीज फेंकता नजर आ रहा है. बताया जा रहा कि ये वही शख्स है जिसने बीजेपी दफ्तर के बाहर धमाका किया है, लेकिन अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है.
