नई दिल्ली, 11/03/2026
देशभर में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. आलम ये है दिन में अभी से उमस परेशान करने लगी है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है. दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में कल मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.1 डिग्री ज्यादा है. न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.8 डिग्री ज्यादा रहा. कई जगहों पर सुबह के समय हल्की धुंध भी देखने को मिली.
आज के मौसम का हाल
मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री के बीच रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 11 मार्च के आसपास अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. आसमान में बादल जरूर दिखाई देंगे, लेकिन फिलहाल बारिश या ठंडी हवाओं से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है. 12 से 14 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
वायु गुणवत्ता सूचकांक 269 अंक
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड CPCB के अनुसार राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह 7:30 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 269 अंक बना हुआ है जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 222 गुरुग्राम में 225 गाजियाबाद में 228 ग्रेटर नोएडा में 212 नोएडा में बना हुआ है. राजधानी दिल्ली के अधिकार इलाकों में AQI लेवल 300 से ऊपर और 400 के बीच में बना हुआ है. जबकि कुछ इलाकों में AQI लेवल 200 से ऊपर और 300 के बीच बना हुआ है.
