जम्मू कश्मीर, 22/02/2026
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों ने रविवार को एनकाउंटर में तीन आतंकवादियों को मार गिराया. मुठभेड़ वाली जगह से दो AK-47 राइफलों सहित युद्ध जैसे सामान भी बरामद किए गए हैं.
सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने एक्स पोस्ट में कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, आईबी और अपने इंटेलिजेंस सूत्रों से मिले विश्वसनीय इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर, किश्तवाड़ इलाके में ऑपरेशन त्राशी-I के तहत एक समन्वित संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया गया ताकि इलाके में मौजूद आतंकवादियों को ट्रैक करके उन्हें खत्म किया जा सके. पता लगने के बाद व्हाइट नाइट कॉर्प्स की CIF डेल्टा की टुकड़ियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF के साथ मिलकर आज सुबह लगभग 11:00 बजे मुश्किल इलाके में आतंकवादियों से फिर से भिड़ंत की. सामरिक सटीकता, सहज तालमेल और दृढ़ आक्रामकता का प्रदर्शन करते हुए, सैनिकों ने मुठभेड़ स्थल पर अपना दबदबा बनाया, जिसमें तीन आतंकियों को मार गिराया गया. दो AK-47 राइफल सहित युद्धक सामान भी बरामद किए गए हैं.
सेना ने आगे कहा कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है, जो लोग शांति को भंग करने की कोशिश करेंगे, उनके साथ कोई उदारता नहीं की दिखाई जाएगी.
आज सुबह एनकाउंटर शुरू होने के बाद अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ तब शुरू हुई जब सेना के जवानों को कई संदिग्ध आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिली और उन्होंने चटरू के वन क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों की टीमों ने इलाके को घेर लिया. बाद में मौके पर और फोर्स भेजी गई.
इससे पहले, सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने एक्स पोस्ट में कहा कि आतंकियों की मौजूदगी के बारे में खास इनपुट मिलने के बाद सेना के जवानों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के साथ मिलकर इलाके में एक कोऑर्डिनेटेड ऑपरेशन शुरू किया. ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने छिपे हुए आतंकियों का पता लगाया, जिसके बाद फायरिंग शुरू हो गई.
बर्फ से ढके चटरू जंगल वाले इलाके में पिछले महीने आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी हुई थी, जिसमें एक सैनिक और एक आतंकवादी मारा गया था.
